गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में मकान से आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 875 ग्राम सफेद धातु के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी निर्माणाधीन मकान में काम करने के दौरान चोरी की वारदात को अंजाम देने में शामिल था।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, कृष्णा विहार कुटी निवासी शिवकेश पुत्र घनपाल सिंह ने 14 अक्तूबर को शिकायत दी थी कि उनके मकान की दूसरी मंजिल पर टाइल-पत्थर लगाने का काम चल रहा था। इसके लिए मिस्त्री बोबी और मजदूर जयभगवान सात अक्तूबर से काम कर रहे थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 11 अक्तूबर की सुबह करीब सात बजे उनकी पत्नी पहली मंजिल के कमरे में रखी अलमारी की चाबी भूलवश छोड़कर ग्राउंड फ्लोर पर काम करने चली गईं। उस समय शिकायतकर्ता और उनके भाई दीपक भी घर से बाहर थे। इसी दौरान पहली मंजिल पर कोई नहीं था, जबकि मिस्त्री और मजदूर दूसरी मंजिल पर काम कर रहे थे।
12 अक्तूबर की सुबह करीब सात बजे पत्नी ने अलमारी खोलकर देखा तो उसमें रखे आभूषण गायब थे। इनमें सोने की एक कंठी, दो अंगूठियां, एक ओम, एक हाथ, एक मंगलसूत्र, चांदी की पायल के दो जोड़े, एक तगड़ी, एक गुच्छा, बच्चों के हाथ के चार कड़े, चांदी का बाजूबंद और अन्य आभूषण शामिल थे। शिकायतकर्ता ने मिस्त्री और मजदूर पर चोरी का शक जताया था।
पुलिस ने धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर मैनुअल इनपुट, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से जांच की। पुलिस ने जयभगवान पुत्र भागमल को गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से मकान नंबर 48, गली नंबर दो, मनोज त्यागी वाली गली, मंडोली, हर्ष विहार, दिल्ली का निवासी है और वर्तमान में पीपल वाली गली, कलीराम विहार कुटी, टीला मोड़ क्षेत्र में रह रहा था। उसकी उम्र करीब 38 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चांदी के आभूषण बरामद किए, जिनका कुल वजन 875 ग्राम बताया गया है। इनमें पायल, कड़े, तगड़ी, गुच्छा, बाजूबंद, लॉकेट, हल्की पाजेब, बिछुआ, अंगूठी और छल्ला शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज है और मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम थाना टीला मोड़ की पुलिस टीम है।