गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर मेरठ के स्क्रैप कारोबारी गिलमान से गन पॉइंट पर डकैती करने वाले दो बदमाशों को वेव सिटी पुलिस ने पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल दो तमंचे और 65 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार साहिबाबाद के अर्थला निवासी इंतजार और अनस को रिमांड पर लिया गया था। पूछताछ में दोनों ने डकैती के कई राज खोले। बताया कि डीएमई पर वारदात के बाद उन्होंने अर्थला में हज हाउस के पास लूटे गए 24.85 लाख रुपये का आपस में बंटवारा किया था। उनके हिस्से में डेढ़-डेढ़ लाख रुपये आए थे। इसमें से कुछ रकम उन्होंने हज हाउस के पास खाली पड़ी जगह में पत्थर के नीचे दबा दी थी। साथ ही डकैती में इस्तेमाल दो तमंचे भी कपड़े में लपेटकर उसी पत्थर के नीचे छिपा दिए थे। शुक्रवार को पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर तमंचे और नकदी बरामद कर ली।
बदमाशों ने बताया कि 21 अगस्त को वे सफेद स्कॉर्पियो में सवार थे। सुबह मेरठ में हापुड़ रोड स्थित स्क्रैप कारोबारी के गोदाम में गए और वहीं लूटपाट का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। इसके बाद उन्होंने कारोबारी का पीछा किया। वेव सिटी के पास डीएमई पर उसकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया। तमंचों और अन्य असलहों से धमकाया। कारोबारी को उलझाने के लिए युवती को भगाकर ले जाने और कार में उसके होने की बात कही। विरोध करने पर तमंचे की नोक पर नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
उत्तराखंड और ससुराल में ली पनाह पूछताछ में दोनों ने बताया कि वारदात के बाद करीब एक माह तक फरार रहे। इंतजार की ससुराल मेरठ में है। ससुराल वालों ने छिपने की जगह मुहैया कराई। करीब 10 दिन तक मेरठ में अलग-अलग स्थानों पर छिपे रहे। पुलिस ने ससुराल में कई बार दबिश दी, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़े। इसके बाद दोनों उत्तराखंड चले गए और एक धर्मशाला में रुके। दोनों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर छिपा दिए थे।
तीन बदमाश अभी फरार इस डकैती में शामिल मोहम्मद चांद, सुऐब और एक अज्ञात बदमाश अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही तीनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके लिए तीन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।