गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र की पैरामाउंट सिंफनी सोसायटी में बुधवार सुबह संदिग्ध हालत में पीजी संचालक विशाल कुमार (38) का शव पड़ा मिला। सीढ़ियों से गुजर रहे सोसायटी निवासी ने शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में 11वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या करने की बात सामने आई है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
एसीपी वेव सिटी पूनम मिश्रा ने बताया कि विशाल कुमार परिवार के साथ सोसायटी में रहते थे। वह सोसायटी में ही कई पीजी चलाते थे। बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे पुलिस को सोसायटी में पीछे की ओर शव पड़ा होने की सूचना मिली। मौके पर पुलिस पहुंची को 11वीं मंजिल के उनके फ्लैट का दरवाजा अंदर का बंद मिला। पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर गई तो बालकनी में कुर्सी रखी मिली। पुलिस का कहना है कि आशंका है कि विशाल ने कुर्सी पर चढ़कर आत्महत्या की है। मंगलवार रात करीब साढ़े 12 बजे वह सीसीटीवी फुटेज में फ्लैट में जाते हुए नजर आए हैं। मामले की सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।