फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गाजियाबाद में हादसा: AC का फटा कंप्रेशर, तेज धमाके से एक की मौत; आसपास की खिड़की के शीशे भी टूटे

Sat, 31 May 2025 04:09 PM IST
अनुज कुमार अमर उजाला नेटवर्क, गाजियाबाद

सार

गाजियाबाद के वैशाली में एसी फटने से एक शख्स की मौत हो गई है। एक गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसा उस वक्त हुआ जब एसी में गैस रिफलिंग हो रही था। 
विज्ञापन
गाजियाबाद में फटा एसी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वैशाली सेक्टर चार स्थित गौड़ ग्रेविटी हाइट्स बिल्डिंग की छत पर लगे एयर कंडीशन (एसी) के आउटबॉक्स की सर्विस करते समय कंप्रेशर फट गया। हादसे में एसी मैकेनिक खोड़ा निवासी पिंटू (35) की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ काम कर रहे बिजली मैकेनिक खोड़ा के ही रहने वाले पूरन सिंह (55) गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें बिल्डिंग के ही सामने स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसा 31 मई की दोपहर करीब 2ः10 बजे हुआ। मृतक की पहचान के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

विज्ञापन


डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील ने बताया कि शनिवार को बिल्डिंग में संचालित रेस्टोरेंट की एसी ठीक करने के लिए पिंटू और पूरन सिंह को बुलाया गया था। दोनों निजी तौर पर एसी रिपेयरिंग का काम करते थे। दोनों ने बिल्डिंग की छत पर एसी की सर्विस शुरू ही की थी, तभी तेज धमाके के साथ एसी का कंप्रेशर फट गया। बेहद नजदीक होने की वजह से पिंटू के शरीर के बाईं तरफ का हिस्सा शरीर से अलग तक हो गया और मौके पर ही मौत हो गई।

डीसीपी ने बताया कि जब मौके पर छानबीन की गई तब यह भी बात सामने आई है कि जान बचाने के लिए आग में झुलसते हुए पूरन सिंह कुछ दूर तक छत पर दौड़े लेकिन उसके बाद छत पर ही गिर गए। हादसे के बाद से ही जिस रेस्टोरेंट की एसी ठीक करने के लिए दोनों कर्मचारी पहुंचे थे, वह रेस्टोरेंट स्टाफ ने बंद कर दिया। देर शाम तक रेस्टोरेंट पर क्लोज का बोर्ड लगा रहा।
विज्ञापन


हादसे में मरे पिंटू परिवार के सबसे बड़े बेटे थे। उनसे छोटी पांच बहनें और एक भाई है। परिवार में उनकी पत्नी माला देवी और दो बच्चे भी हैं। मौत की खबर सुनते ही मौके पर उनकी बहन डिंपल और भाई पहुंचे और शव की पहचान की। घायल पूरन सिंह के बेटे सुधीर और पत्नी व अन्य परिवार वाले भी अस्पताल पहुंच गए। सुधीर ने बताया कि उनके पिता बिजली मैकेनिक हैं। वह कई बार उनसे काम करने को मना कर चुके थे, लेकिन वह काम पर जरूर जाते थे। पिंटू के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

धमाके से आसपास की खिड़की के शीशे टूटे
एसी कंप्रेशर फटने का धमाका इतना तेज था कि तीन मंजिल नीचे सड़क पर खड़े लोगों तक के दिल दहल गए। मौके पर मौजूद चंदा देवी ने बताया कि हादसे के समय वह सड़क पर खड़ीं थीं। धमाका इतनी तेज था कि पहली बार में उन्हें किसी बड़े विस्फोट की तरह लगा। धमाके से आसपास की बिल्डिंग में बनी कांच की खिड़कियां तक टूटकर बिखर गईं। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक धमाके की आवाज करीब आधा किलोमीटर तक सुनाई दी।

मृतक की पहचान कर हादसे की सूचना परिजनों को दी गई थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। घायल का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है, फिलहाल हालत स्थिर है। मामले में रेस्टोरेंट प्रबंधन से भी बातचीत की जा रही है। जांच के बाद ही हादसे की वजह साफ हो पाएगी। मामले में अब तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। -निमिष पाटील, डीसीपी ट्रांस हिंडन एरिया

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें