फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भीषण गर्मी में 22 घंटे काटी बिजली: गाजियाबाद के पसौंडा में लगातार कटौती से परेशान लोग, सड़क पर किया हंगामा

Tue, 24 Jun 2025 10:51 PM IST
आकाश दुबे माई सिटी रिपोर्टर, साहिबाबाद (गाजियाबाद)

सार

हंगामा कर रहे लोगों का कहना था कि जून की गर्मी में भी विभाग की ओर से लोगों को भरपूर बिजली सप्लाई करने के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए, जिस कारण से परेशान लोगों ने पहले ही आवेदन किया था और लोड क्षमता बढ़ाए जाने की मांग की थी। लेकिन विभाग की ओर से सुनवाई नहीं की गई।
विज्ञापन
सड़क पर हंगामा करते लोग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उमस भरी गर्मी में लगातार 22 घंटे बिजली कटौती से परेशान पसौंडा के लोग मंगलवार रात करीब नौ बजे दिल्ली वजीराबाद वाली रोड पर पहुंचे। यहां लोगों ने ट्रैफिक जाम करने का प्रयास किया और ऊर्जा निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब आधा घंटा लोगों ने यहां हंगामा किया। पुलिस द्वारा एसडीएम से बात कराए जाने के बाद लोग माने और वापस लौटे।  

विज्ञापन

मोहन नगर जोन के पसौंडा इलाके में सोमवार रात करीब 12:00 से बिजली सप्लाई ठप पड़ी है। लोगों का आरोप है कि कई बार ऊर्जा निगम कार्यालय में फोन करने के बावजूद अधिकारियों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसके बाद हेल्पलाइन पर कॉल की गई लेकिन यहां पर किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं की गई। 

सभी लोगों ने अपने-अपने स्तर से ऊर्जा निगम की हेल्पलाइन पर कॉल लगाई लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। ऊर्जा निगम की ओर से कोई जवाब न मिलने पर लोगों का गुस्सा भड़क गया और लोग पसौंडा की मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। यहां पर 200 से अधिक संख्या में लोग जुड़ते चले गए। स्थानीय निवासी ललित ने बताया कि इलाके में काफी समय से बिजली सप्लाई को लेकर परेशानी बनी हुई थी। 

जून की गर्मी में भी विभाग की ओर से लोगों को भरपूर बिजली सप्लाई करने के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए, जिस कारण से परेशान लोगों ने पहले ही आवेदन किया था और लोड क्षमता बढ़ाए जाने की मांग की थी। लेकिन विभाग की ओर से सुनवाई नहीं की गई। अब यहां पर बिजली कटौती की जा रही है और हद तब हो गई जब सोमवार से कटी बिजली मंगलवार को भी सप्लाई सुचारू नहीं की गई। सड़क पर जाम करने की सूचना पर शालीमार थाना से पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाया। 
विज्ञापन

चीफ इंजीनियर ने कही यह बात
इस पूरे मामले पर चीफ इंजीनियर दीपक अग्रवाल का कहना है कि वह संबंधित इलाके के स्टाफ से बात करेंगे और इलाके में जो भी परेशानी है उसको दूर किया जाएगा। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बड़ी संख्या में लोगों के मुख्य मार्ग पर पहुंचने की सूचना पर टीम भेजी गई थी। लोगों की एसडीएम से बात करा दी गई जिन्होंने फॉल्ट ठीक कर जल्द ही बिजली आपूर्ति सुचारू करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग वापस लौट गए। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें