लोनी। गढ़ी जस्सी गांव में पांच घंटे बिजली गुल होने से परेशान लोगों ने दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया। पुलिस के समझाने पर लोग वापस लौट गए। लोगों का कहना है कि लाइट जाने पर बिजली अधिकारियों को फोन करते रहे, लेकिन कोई जवाब नहीं दिया। 400 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंकने पर रविवार सुबह करीब पांच बजे बिजली गुल हो गई। ट्रांसफार्मर से करीब 250 उपभोक्ता जुड़े हैं। तीन दिन में दूसरी बार ट्रांसफार्मर फुंकने से लोग परेशान हैं। सुबह से ही बिजली गुल रहने से घरों में पानी की टंकी खाली हो गई। रूपनगर अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने बताया कि जानकारी मिलने के बाद दूसरा ट्रांसफार्मर मंगाया गया है। बरसात के चलते लगे जाम से ट्रांसफार्मर पहुंचने में देरी हुई। उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर बदलकर जल्द आपूर्ति सुचारू कराने के आश्वासन पर लोग लौट गए।