गाजियाबाद। नंदग्राम थाना क्षेत्र की चार्म्स कैसल सोसायटी में गर्मी की छुट्टी में घूमने गए राहुल कापरी के घर में पड़ोसी ने चोरी की कोशिश की। राहुल ने मोबाइल में सीसीटीवी फुटेज देखकर सोसायटी के सुरक्षाकमी और पुलिस को युवक के घर में घुसे होने की जानकारी दी। सोसायटी के सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया और उसे पुलिस को सौंप दिया।
एसीपी नंदग्राम रवि कुमार सिंह ने बताया कि राहुल कापरी एक निजी कंपनी में प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। वह अपने परिवार के साथ गर्मी की छुट्टी में घूमने गए थे। सोमवार सुबह करीब पौने पांच बजे उन्होंने मोबाइल फोन पर सीसीटीवी फुटेज में देखा कि उनके पड़ोस के फ्लैट में रहने वाला आयुष वोहरा उनके मकान में घुसा हुआ है। उन्होंने इसकी सूचना अपने दूसरे पड़ोसी और सुरक्षाकर्मियों को दी। उन्होंने आयुष को रंगे हाथ पकड़ लिया। उसके कब्जे से दो डुप्लीकेट चाभी, कड़े, पाजेब आदि सामान बरामद किया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
नौकरी छूटी तो बनाई चोरी की योजना
पुलिस की पूछताछ में आयुष ने बताया कि वह पहले कॉल सेंटर में नौकरी करता था। उसकी कुछ दिनों पहले नौकरी छूट गई थी। रुपये खत्म होने की वजह से खर्च चलाना मुश्किल हो रहा था, जिसकी वजह से उसने चोरी करने की योजना बनाई। राहुल ने बताया कि सोने की चेन, अंगूठी अभी बरामद नहीं मिला है। पुलिस से पूरे सामान की बरामदगी की मांग की गई है।