बारिश ने बढ़ाई ठंड और लोगों की परेशानी
साहिबाबाद। टीएचए में बुधवार को बारिश ने मौसम में ठंडक बढ़ा दी। इसके साथ ही जगह-जगह जलभराव हो गया। इसकी वजह से जहां ठंड में लोग ठिठुरते दिखाई दिए। वहीं लोगों को आने जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ी। शाम पांच बजे ही वाहनों की बत्ती जलानी पड़ी।
टीएचए में मंगलवार रात से लगातार बारिश हो रही है। बुधवार को भी दिनभर बारिश हुई। इसकी वजह से मौसम में ठिठुरन बढ़ गई। हालांकि टीएचए के अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं दिखा लेकिन दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की वजह से मौसम में ठिठुरन रही। लोगों ने अलाव का सहारा लिया। ठंड और बारिश की वजह से शाम को सड़कों पर भीड़ भाड़ कम रही। इसके साथ ही लोग घरों से नहीं निकले। यही नहीं बारिश की वजह से कॉलोनियों की सड़कों पर जलभराव की समस्या से लोग परेशान रहे।
वैशाली, वसुंधरा, इंदिरापुरम, कौशांबी, राजेंद्र नगर, शालीमार गार्डन आदि की सड़कों पर पानी जमा हो गया। नाले नालियां जाम होने की वजह से पानी सड़कों पर भरा रहा। लोगों को आने जाने में दिक्कत रही। उन्हें पानी से होकर आना जाना पड़ा। लोगों ने नगर निगम और जीडीए से शिकायत की लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
जाम से परेशान रहे वाहन चालक
बारिश और जलभराव की वजह से वाहनों की रफ्तार भी थम गई। लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। बारिश और जलभराव की वजह से सीआईएसएफ रोड, लिंक रोड, जीटी रोड और एलिवेटेड रोड पर जाम लग गया। यहां पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। वाहन रेंग रेंगकर चल रहे थे। चंद मिनटों का रास्ता तय करने में वाहन चालकों को काफी समय लगा। इसकी वजह से लोग ऑफिस पहुंचने में लेट हुए। वाहनों का दबाव दोपहर में कम हुआ तो जाम खुला, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।