होली और शब-ए-बरात पर हुड़दंग किया तो होगी जेल
गाजियाबाद। होलिका दहन और शब-ए-बरात एक ही रात यानी 28 मार्च को होने के कारण पुलिस पर कानून-व्यवस्था बनाने की दोहरी चुनौती है। अधिकारियों ने इसके लिए ड्यूटी प्वाइंट निर्धारित कर पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय कर दी है। इसी कड़ी में मंगलवार को एसपी सिटी निपुण अग्रवाल और सिटी मजिस्ट्रेट बिपिन कुमार ने नगर कोतवाली में क्षेत्र के संभ्रांत लोगों के साथ पीस कमेटी की बैठक की। सिटी मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि कोई भी नई परंपरा शुरू नहीं होने दी जाएगी। जिस प्रकार परंपरागत पहले होलिका दहन होता आया है, होता रहेगा।
एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने कहा कि लोगों को किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देना है। असामाजिक तत्व पुरानी फोटो व वीडियो वायरल कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। इसके साथ ही कोरोना के नियमों का पालन करना भी अनिवार्य रहेगा। किसी भी प्रकार का हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। होलिका दहन एवं शब-ए-बरात में लड़के ट्रिपल राइडिंग और स्टंटबाजी करते हैं। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शराब पीकर हुड़दंग करने वाले सलाखों के पीछे होंगे। उन्होंने होली के पर्व को खुशियों से मनाने का आह्वान किया। मीटिंग में सीओ प्रथम अभय कुमार मिश्र, नगर कोतवाल संदीप सिंह के अलावा गणमान्य लोगों में अभिषेक चौधरी, संदीप बंसल, प्रेम प्रकाश चीनी, तनुज गंभीर, हाजी चमन, पार्षद जाकिर अली सैफी, पवन जैन, ज्ञानी, विपुल अग्रवाल आदि मौजूद रहे।