करीब एक माह से रुके हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे का रास्ता अब साफ हो गया है। डासना में मुआवजे की मांग को लेकर धरना दे रहे किसानों ने अपना धरना डीएम के आश्वासन के बाद अब समाप्त कर दिया है।किसान नेता राजकुमार यादव ने बताया कि किसान विगत 30 दिनों से उचित मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे।
अपने धरने के चलते किसानों ने ईस्टर्न पेरिफेरल का कार्य भी रुकवा रखा था। उन्होंने बताया कि 28 सितंबर को किसानों के साथ डीएम निधि केसरवानी ने एक बैठक की। इसमें डीएम ने आश्वासन दिया कि डासना देहात के सभी किसानों की जमीन का मुआवजा 4093 रुपये कर दिया जाएगा।
बुधवार को एसडीएम सदर अतुल कुमार सीओ सदर के साथ किसानों के धरना स्थल पर पहुंचे और उनका अनशन समाप्त कराया। इस अवसर पर टेकचंद, राशिद प्रधान, प्रीतम प्रधान, सूरजभान सैनी, मनीष, भूपेंद्र यादव, जाहिद, ब्यास अली, रणपाल आदि उपस्थित रहे।