थानाक्षेत्र स्थित निजी अस्पताल में हर्निया ऑपरेशन के दौरान मुजफ्फरनगर के भस्सी गांव निवासी उज्ज्वल चौधरी (35) की मौत हो गई। इसके बाद परिवार और परिचित लोगों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। दो जून की सुबह करीब सात बजे से शुरू हुए हंगामे को पुलिस संभालने की कोशिश कर रही है, लेकिन परिजन ऑपरेशन करने वाले चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उन्हें सामने बुलाने की मांग पर अड़े हैं।
परिजनों ने बताया कि उज्ज्वल हर्निया की दिक्कत के चलते ऑपरेशन के लिए 26 मई को भर्ती हुए थे। इसके बाद डॉक्टर ने उनका पहला ऑपरेशन किया जो किसी वजह से असफल रहा। वहीं एक जून की रात डॉक्टरों ने दोबारा ऑपरेशन किया और इस दौरान उज्ज्वल की मौत हो गई।
बताया कि उज्ज्वल की वर्ष 2014 में शादी हुई थी। उनकी दो बेटियां हैं। वर्तमान में वह राज नगर एक्सटेंशन के अजनारा इंटरगिटी में परिवार के साथ रह रहे थे। उज्ज्वल ई-कॉमर्स कंपनी में टीम लीडर के पद पर कार्यरत थे। उनकी मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।