तहसील चौराहे पर धूप में खड़े यात्री। संवाद
हापुड़। शहर में मुख्य स्थानों पर यात्री शेड न होने के कारण यात्रियों को सड़क किनारे धूप में खड़े होकर बस का इंतजार करना पड़ता है।
हापुड़ जिले में हाईवे के किनारे यात्री शेड बनाए गए हैं। लेकिन शहर के अंदर इनका अभाव है। शहर के मुख्य चौराहे तहसील और मेरठ तिराहे पर यात्री शेड न होने के चलते दैनिक यात्रियों विशेषकर बच्चों के साथ महिला यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। यात्री धूप में जब बस का इंतजार करते हैं तो सिर का पसीना पैर तक आ जाता है। बरसात के समय तो समस्या और बढ़ जाती है। यात्रियों को सिर छुपाने को भी छत नहीं मिल पाती। भीगते हुए बसों में बैठना पड़ता है। बसों के स्टैंड पर रुकने के बजाय आगे पीछे रुकने से भी यात्रियों को भाग कर बस पकड़नी पड़ती है। इससे महिलाओं की परेशानी और बढ़ जाती है। पालिका या अन्य संबंधित विभाग को इस ओर ध्यान देना चाहिए। लोगों की लगातार मांग के बाद भी शहर में टीन शेड न होने से लोगों में रोष व्याप्त है। बड़ी समस्या यह है कि यहां स्थान का भी अभाव है।
एसडीएम ईला प्रकाश का कहना है कि कुछ स्थानों पर जगह का अभाव हो सकता है। हालांकि इस समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभागों से वार्ता कर निस्तारण का प्रयास किया जाएगा।