फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: दूसरे दिन भी बेबस रहे यात्री, आज से चलेंगी बसें

विज्ञापन
विज्ञापन
दिन भर चला हंगामा
विज्ञापन




हिट एंड रन कानून के विरोध में रोडवेज बस, ऑटो और ट्रकों के चालकों की हड़ताल के दूसरे दिन मंगलवार को दिनभर हंगामा-प्रदर्शन चला। हड़ताली चालकों ने कई जगह सड़क जाम करने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें बड़ी मुश्किल से सड़क से हटाया। इस हड़ताल से एक साथ कई मुसीबत आई हैं। यात्रियों को बस और ऑटो नहीं मिल रहे हैं। ट्रकों के पहिए थम जाने से मंडी में सब्जियों की आवक घट गई है। सब्जियों के दाम बढ़ने लगे हैं। डीजल-पेट्रोल खत्म होने की आशंका बन गई है। ऐसे में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं....



खड़ी रहीं रोडवेज की



70 फीसदी से ज्यादा बसें



साहिबाबाद। हड़ताल की वजह से मंगलवार को भी रोडवेज की बसें बेहद कम संख्या में चल पाईं। सिर्फ स्थायी ड्राइवर ही बसों को चलाने के लिए पहुंचे, संविदा पर तैनात ड्राइवर और प्राइवेट ऑपरेटर्स की बसों पर तैनात ड्राइवर हड़ताल में शामिल रहे। इसकी वजह से साहिबाबाद और कौशांबी डिपो से मंगलवार को महज 30 फीसदी से भी कम बसों का संचालन हो सका। दिन भर में कौशांबी डिपो से सिर्फ 60 तो साहिबाबाद डिपो से 90 बसें चलीं, जबकि आम दिनों में दोनों डिपो से करीब 400 से ज्यादा बसों का संचालन होता है। लंबी दूरी और गाजियाबाद रीजन के बाहर की बसें बस अड्डा पर नहीं पहुंचने पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली से मुरादाबाद जाने के लिए आए युवक कीर्तन ने बताया कि एक घंटे बस का इंतजार किया, लेकिन बस न मिलने से वापस जाना पड़ा। हालांकि देर शाम ट्रांसपोर्ट्स और सरकार के बीच वार्ता में सुलह हो गई। आज यानि बुधवार से बसें, ऑटो और ट्रक चलेंगे।
विज्ञापन


ई-बस का शीशा तोड़ा, संचालन हुआ बंद : अकबरपुर-बहरामपुर स्थित ई-बस चार्जिंग स्टेशन से मंगलवार को सुबह दो रूट पुराना बस अड्डा से लोनी और मोदीनगर पर कुल पांच बसों को चलाया गया था। लालकुआं पर लोगों ने बस पर पत्थर मारकर आगे का शीशा फोड़ दिया। इसके बाद बस में सवार यात्रियों को बाहर निकालकर बस को वापस चार्जिंग स्टेशन पर भेज दिया गया। ई-बस डिपो प्रभारी ने ज्योति सक्सेना ने बताया कि बस का शीशा तोड़ने के बाद बसों का संचालन बंद कर दिया गया। शाम साढ़े चार बजे से कुल 9 ई बसें दोबारा पुराना बस अड्डा से लोनी और मोदीनगर के लिए चलीं। उन्होंने बताया कि बुधवार को रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
बयान

ई-बस का शीशा तोड़ने वाले पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। मंगलवार को गाजियाबाद रीजन की 50 फीसदी बसों को संचालित कर दिया गया है। बुधवार तक सभी बसों का संचालन हो जाएगा। - केशरी नंदन चौधरी, क्षेत्रीय प्रबंधक, रोडवेज


हड़ताली ट्रक चालक सड़क
पर उतरे, जीटी रोड किया जाम
गाजियाबाद। हड़ताल कर रहे ट्रक-टेंपो और बस ड्राइवरों ने मंगलवार को लालकुआं के पास और शहीदनगर में सड़क पर उतरकर विरोध किया। आक्रोशित ड्राइवरों ने जीटी रोड जाम कर दिया और वहां से आने-जाने वाले ट्रकों को रोककर चालकों को हड़ताल में शामिल होने का दबाव बनाया। लालकुआं पर उन्हें हटाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। वहीं, दो दिन से ट्रकों के चक्के थम जाने से डीजल-पेट्रोल, गैस और सब्जियों व किराना सामान की आपूर्ति भी नहीं हो पाई। स्टॉक खत्म होने की सूचना पर मंगलवार शाम पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़ लग गई।
हड़ताल में शामिल करीब ढाई सौ ड्राइवर और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी मंगलवार सुबह करीब 10 बजे लालकुआं पेट्रोल पंप के पास इकट्ठा हुए और बैठक की। उन्होंने कानून वापस लिए जाने तक हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया और इसके बाद सड़क पर उतरकर विरोध करने लगे। शहीद नगर के पास जीटी रोड पर और लालकुआं के पास ड्राइवरों ने जीटी रोड जाम कर दिया। इसकी वजह से दोनों ओर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इसकी वजह से निजी वाहन चालक भी घंटों तक जाम में फंसे रहे। सूचना पर घंटाघर कोतवाली और कविनगर थाना पुलिस लालकुआं पर और साहिबाबाद व शालीमार गार्डन पुलिस शहीद नगर में मौके पर पहुंची और ड्राइवरों को जीटी रोड से हटाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। लालकुआं पर विरोध कर रहे ड्राइवर नहीं माने तो पुलिस को लाठियां फटकार कर हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया गया। ड्राइवरों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, तब तक हड़ताल और आंदोलन जारी रहेगा।

हड़ताल से सब्जियों की आवक ठप

साहिबाबाद। ट्रक चालकों की हड़ताल का असर मंगलवार को सब्जियों और फलों की आपूर्ति पर भी पड़ा। ट्रकों का संचालन बंद होने से साहिबाबाद स्थित नवीन फल एवं सब्जी मंडी में सब्जियों और फलों की आपूर्ति नहीं हुई। इसकी वजह से सब्जियों के दामों में 10 से 20 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हो गई। मंडी इंस्पेक्टर केआर वर्मा ने बताया कि एक जनवरी को मंडी की छुट्टी होती है, लेकिन मंगलवार को वाहनों चालकों की हड़ताल होने पर दूर से आने वाली सब्जियां न के बराबर ही मंडी में पहुंचीं। मंडी में पूर्व का स्टॉक ही बेचा जा रहा है जिससे दाम बढ़ गए हैं। अगर हड़ताल जारी रही तो सब्जियों के दाम और अधिक बढ़ सकते हैं। वहीं, आढ़ती महेश चंद्र ने बताया कि वाहनों की हड़ताल होने से दुकान पर माल बाहर से नहीं आ रहा है और ना ही खरीदार अपने वाहन लेकर यहां पहुंच पा रहे हैं। जो ट्रक मंडी में आए थे, वह मंडी में ही खड़े हैं।



नहीं मिला वाहन तो पैदल ही निकले गंतव्य की ओर
पुराने बस अड्डे से रोजाना 55 बसों का संचालन होता है। 23 बसें बुलंदशहर, खुर्जा और शेष बसें मेरठ मुजफ्फरनगर के लिए चलती है। यहां से रोजाना 6000 के आसपास सवारियों की आवाजाही होती है, बसों के न चलने से इन यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोकल यात्रियों को भी ऑटो का संचालन न होने से खासी मुसीबत हुई। कई लोग पैदल ही गंतव्य की ओर जा रहे थे तो जो लोग बस ऑटो के इंतजार में खड़े थे, वह निराश होकर अपने अपने घरों को लौट गए। जिन लोगों को जरूरी काम था, वह निजी वाहन चालकों से गुहार लगाकर उनसे मदद मांग रहे थे।



ट्रक लेकर आ रहे चालक के गले में जूतों की माला पहनाई
लोनी। बंथला भोपुरा मार्ग पर ट्रक चालकों ने हिट एंड रन को लेकर बनाए नए कानून के विरोध धरना प्रदर्शन किया। चालकों ने ट्रक लेकर आ रहे चालकों के गले में जूते की माला पहनाई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। मंगलवार को बड़ी संख्या में ट्रक ड्राइवर बंथला भोपुरा मार्ग स्थित गैस प्लांट के एकत्रित हुए। लोगों ने प्लांट के सामने धरना-प्रदर्शन किया। सरकार द्वारा लगाए गए कानून के विरोध में जमकर नारेबाजी की। इस दौरान मार्ग से होकर गुजर रहे अन्य ट्रक चालकों को रोका और ट्रक चलाने का विरोध किया। ट्रक लेकर आ रहे ड्राइवरों के गले में जूतों की माला पहनाई।



कोहरे के कारण एक्सप्रेस समेत ईएमयू ट्रेनें भी रहीं लेट, यात्रियों को हुई परेशानी

गाजियाबाद। कोहरे में ट्रेनों की चाल लगातार बिगड़ रही है। मंगलवार को गाजियाबाद से होकर गुजरने वाली 10 ट्रेनें रद्द रहीं जबकि 20 से ज्यादा देरी से पहुंचीं। आम्रपाली एक्सप्रेस 6:10 घंटे लेट रही। इसकी वजह से यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कत झेलनी पड़ रही है। उन्हें ट्रेनों में दो से सात घंटे ज्यादा बिताने पड़ रहे हैं। दिल्ली से गाजियाबाद और अलीगढ़ के बीच चलने वाली लोकल ट्रेनें रद्द हो जाने के कारण नौकरीपेशा और कारोबार के लिए रोजाना दिल्ली आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा।


देरी से चलीं ट्रेनें

मंगलवार को अलीगढ़-दिल्ली मेमू एक्सप्रेस विशेष 55 मिनट, अवध असम एक्सप्रेस 3 घंटे, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे, टूंडला गाजियाबाद ईएमयू एक्सप्रेस विशेष 21 मिनट, जम्मू तवी एक्सप्रेस 1 घंटे 36 मिनट, सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस एक घंटे 10 मिनट, सीमांचल एक्सप्रेस 2 घंटे 9 मिनट, उत्तर पूर्व एक्सप्रेस 1 घंटे 45 मिनट, नेताजी एक्सप्रेस 3 घंटे 10 मिनट, कार्बेट पार्क लिंक एक्सप्रेस 28 मिनट, रानीखेत एक्सप्रेस 45 मिनट, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस चार घंटे, चंडीगढ़ सुपरफास्ट छह घंटे और आम्र्रपाली एक्सप्रेस 6 घंटे 10 मिनट देरी से चली।



रद्द रहीं ट्रेनें
गाजियाबाद-मुरादाबाद मेमू एक्सप्रेस, लिच्छवी एक्सप्रेस, नई दिल्ली गाजियाबाद ईएमयू विशेष, गाजियाबाद दिल्ली ईएमयू एक्सप्रेस स्पेशल, दिल्ली गाजियाबाद ईएमयू एक्सप्रेस स्पेशल, ऊंचाहार एक्सप्रेस, लखनऊ मेल, बरेली एक्सप्रेस, दिल्ली एक्सप्रेस विशेष, आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस आदि ट्रेन रद्द रहीं।
विज्ञापन



आठ जनवरी से भूख हड़ताल शुरू करेंगे रेलवे कर्मचारी
गाजियाबाद। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर एनआरएमयू (नॉर्दर्न रेलवे मेन्स यूनियन) के बैनर तले रेलवे कर्मी आठ जनवरी से भूख हड़ताल शुरू करेंगे। इसको लेकर संगठन के पदाधिकारियों को जल्द बैठक होगी, जिसमें कार्य बहिष्कार समेत आंदोलन को धार देने के लिए निर्णय लिए जाएंगे। एनआरएमयू की गाजियाबाद मुख्य शाखा के अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह ने बताया कि सरकार पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कर्मचारियों की मांग मानने को तैयार नहीं है इसलिए एनआरएमयू के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक में तय हुआ है कि राष्ट्रव्यापी भूख हड़ताल आठ जनवरी से शुरू होगी। इसमें कर्मचारी कार्य बहिष्कार और आंदोलन की आगे की रूपरेखा के विषय में जैसा भी आदेश प्राप्त होगा, उसी आधार पर निर्णय लिया जाएगा। इसकी सूचना रेलवे के उच्चाधिकारियों के साथ सरकार के प्रतिनिधियों को भी भेज दी गई है। एनआरएमयू ने भूख हड़ताल का यह निर्णय जेएफआरओपीएस के आह्वान पर लिया है। रेलवे के अलावा अन्य विभागाें में कार्यरत कर्मचारी भी इस आंदोलन में शामिल होकर सरकार को घेरने का काम करेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें