मुरादनगर। पाइपलाइन मार्ग स्थित सरना चौक पर कुत्तों के झुंड ने कक्षा आठ के छात्र पर हमला कर घायल कर दिया। रास्ते में गिरने से छात्र के सिर में 11 टांके भी आए हैं। मलिकनगर कॉलोनी निवासी मोहम्मद आरिफ का 14 वर्षीय बेटा असद घर से पैदल अपने दादा हाजी जमील अल्वी को पाइपलाइन मार्ग स्थित सरना चौके पास खाना देने गया था। दादा को खाना देकर लौटते समय सरना चौके के पास कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। कुत्तों के काटने से तो छात्र घायल हुआ और रास्ते में गिर भी पड़ा, जिससे उसका सिर फूट गया। चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और पत्थर मारकर कुत्तों को भगाया। परिजन घायल छात्र को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। आरोप है कि अस्पताल में एंटी रैबिज का इंजेक्शन नहीं था। इसके बाद परिजनों ने छात्र को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया, उसके सिर में 11 टांके लगाए गए। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अभिषेक कुमार का कहना है कि कुत्तों के बधियाकरण करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पालिका के पास कुत्तों को पकड़ने का कोई साधन नहीं है। तीन शिकायत कुत्तों को पकड़ने की मिली हैं।