गाजियाबाद। जिला न्यायालय में शनिवार को ट्रैफिक चालानों के निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसमें 19 कोर्ट कक्षों में सुनवाई कर 5187 चालानों का निस्तारण किया गया। सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक निर्धारित समय में प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। वाहन चालकों की अधिक संख्या के चलते रात 12 बजे तक चालानों के निस्तारण का काम जारी रहा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नेहा बनौधिया ने बताया कि चालानों के निस्तारण के लिए न्यायालय परिसर में 40 से अधिक काउंटर बनाए गए थे। अलग-अलग कोर्ट कक्षों में व्यवस्था होने से वाहन चालकों को चालान निस्तारित कराने में सुविधा मिली। ई-सेवा केंद्र पर लिपिक रोहन सिंह ने भी लोगों को चालान की स्थिति और निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी दी।
जिला जज विनोद सिंह रावत, लोक अदालत के नोडल अधिकारी एवं विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट जितेंद्र मिश्रा और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जसवीर सिंह यादव के निर्देशन में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। विशेष लोक अदालत में मोटर वाहन अधिनियम के तहत निस्तारण योग्य चालानों को शामिल किया गया। वाहन चालकों और संबंधित पक्षों की सहमति से चालान का निस्तारण कर निर्धारित जुर्माना जमा कराया गया।
इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के जरिये यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के लगातार चालान किए जा रहे हैं। इससे पुराने और लंबित चालानों की संख्या भी बढ़ रही है। ऐसे में विशेष लोक अदालत के माध्यम से वाहन चालकों को लंबित चालानों के निस्तारण का अवसर दिया गया। इस समय अदालत में लगभग आठ लाख चालान लंबित हैं।
50 हजार का चालान 10 हजार में निस्तारित
फरुखनगर निवासी वाहन चालक यामीन के दो ट्रैफिक चालान 50 हजार के लंबित थे। वह शनिवार को विशेष लोक अदालत में पहुंचे। चालान की जांच के बाद निर्धारित जुर्माना 10 हजार जमा कराया और दोनों चालानों का निस्तारण करा लिया।
एक हजार का चालान, तीन घंटे इंतजार नहीं हुआ भुगतान
विजयनगर निवासी वाहन चालक राकेश चार महीने पुराने एक हजार के चालान का निस्तारण कराने पहुंचे थे, लेकिन अधिक भीड़ और लंबी कतार के कारण तीन लाइन में लगने पर भी नंबर नहीं आ पाया। बिना चालान निस्तारित कराए ही लौटना पड़ा।