फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गाजियाबाद में सड़क हादसा: बेकाबू क्रेटा का रेडलाइट पर कहर, कक्षा छह के छात्र और बाइक सवार को रौंदा

Thu, 15 Oct 2026 02:27 PM IST
अनुज कुमार अमर उजाला नेटवर्क, गाजियाबाद

सार

गाजियाबाद की नवयुग मार्केट में आज एक हादसा हो गया। जहां एक बेकाबू क्रेटा कार ने कक्षा छह के छात्र और बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में तीन वाहनों को नुकसान पहुंचा है। 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नवयुग मार्केट में सेठ मुकुंदलाल इंटर कॉलेज के सामने बृहस्पतिवार सुबह रेडलाइट पर तेज टक्कर से अफरा-तफरी मच गई। यहां काले रंग की हुंडई क्रेटा कार ने स्कूल जा रहे कक्षा छह के छात्र आदिल (14) और बाइक सवार आसिफ को टक्कर मार दी। हादसे में एक किया सेल्टोस कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में घायल छात्र को एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। वहीं, बाइक सवार आसिफ का संतोष अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसकी हालत सामान्य बताई गई है।

विज्ञापन


पुलिस के अनुसार, हादसा बृहस्पतिवार सुबह करीब 9:45 बजे सेठ मुकुंदलाल इंटर कॉलेज के सामने रेडलाइट पर हुआ। क्रेटा कार (यूपी 14 जीक्यू 3001) की टक्कर से छात्र आदिल और बाइक सवार आसिफ घायल हो गए। इसी दौरान एक किया सेल्टोस कार (यूपी 14 ईवाई 3741) भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।

आदिल कैला भट्टा का रहने वाला है और सेठ मुकुंदलाल इंटर कॉलेज में कक्षा छह का छात्र है। वहीं, आसिफ कैला भट्टा के इस्लामपुर का निवासी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
विज्ञापन


दुर्घटना के कारण यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर चौकी पर खड़ा करा दिया। पुलिस ने दुर्घटना करने वाली कार के चालक और वाहन स्वामी को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें