गाजियाबाद। जिले की 49 ग्राम पंचायतों में बैंकिंग लेनदेन के लिए रखी जाने वालीं बैंकिंग करेस्पोडेंट(बीसी) साक्षात्कार के बाद 19 चयनित हुई हैं। 30 ग्राम पंचायतों में सीटें फिर खाली रह गईं। इसके लिए फिर आवेदन निकाले जाएंगे। इससे पहले भी दो बार आवेदन निकाले जा चुके हैं, लेकिन इसमें बेहद कम महिलाएं रुचि ले रही हैं।
पहले दिसंबर में आवेदन निकाले गए थे, तब किसी ने आवेदन नहीं किया। अप्रैल में फिर से निकाले गए। इस बार भी केवल 49 सीटों के सापेक्ष इंटरव्यू के बाद 19 ही चयनित हो सकीं। इस बार कुल 120 महिलाओं ने आवेदन किया। इनमें से 81 शाॅर्टलिस्ट हुईं। इनमें से 50 ने लिखित परीक्षा दी। 50 प्रतिशत अंक के साथ 45 को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया। इसमें से साक्षात्कार देने 38 पहुंचीं, जिसमें से केवल 19 का चयन हो सका।
इस बारे में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला मिशन प्रबंधक स्मिता शिवहरे का कहना है कि 19 के चयन के बाद अब 30 ग्राम पंचायतों में फिर सीटें खाली बच गईं। इनके लिए जल्द ही दोबारा आवेदन निकाले जाएंगे। गौरतलब है कि पहले से जो बीसी सखी काम कर रही हैं, उन्हें दी गई मशीनें काम नहीं कर रही हैं। इससे वह काम नहीं कर पा रही हैं। अब उनसे मशीन के साथ दी गई अनुदान राशि वापस मांगी जा रही है। इस कारण योजना में महिलाएं रुचि नहीं ले रही हैं।
कौन कर सकता है आवेदन
आवेदक का स्वयं सहायता समूह से जुड़ा होना जरूरी है। वह ऋण डिफाल्टर न हो। आयु सीमा 18 से 40 आयु तक हो। 12वीं तक शिक्षा जरूरी है। इंटरनेट की जानकारी के साथ संबंधित ग्राम पंचायत का निवासी होना जरूरी है।