गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में एक इलेक्ट्रिकल व्यापारी से धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। अज्ञात जालसाज ने मोबाइल फोन पर कॉल कर सामान का ऑर्डर दिया और ऑटो में सामान लोड करवाकर बिना भुगतान किए रफूचक्कर हो गया। पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुहाई निवासी सरजीत सिंह की दिल्ली-मेरठ रोड पर पिलर नंबर 748 के सामने चौधरी इलेक्ट्रिकल नाम से दुकान है। सरजीत ने बताया कि 22 सितंबर को उनके पास एक अनजान नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने एक पंखे की पेटी, 6 एमएम के तार और अन्य सामान का ऑर्डर दिया, जिसका कुल बिल करीब 32,300 रुपये बना। ठग ने सामान मॉडर्न कॉलेज ऑफ इंस्टीट्यूट के पास मंगवाया और वहीं भुगतान करने की बात कही।
पीड़ित ने ऑटो से सामान भेज दिया, जहां अज्ञात व्यक्ति ने सामान रिसीव कर लिया और बिना पैसे दिए फरार हो गया। इसके बाद से आरोपी का मोबाइल फोन बंद आ रहा है।
एसीपी कविनगर अभय डागा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात मोबाइल फोन नंबर धारक और ऑटो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का अनावरण किया जाएगा।