वेव सिटी क्षेत्रांतर्गत दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर बाइक सवार खड़े ट्रक में जा घुसे। बाइक सवार महिला समेत तीन व्यक्ति घायल हो गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा जहां चिकित्सकों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब साढ़े 11 बजे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर बाइक सवार हापुड़ की ओर से दिल्ली की तरफ जाते हुए, जब ये दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर वेव सिटी क्षेत्र के महरौली स्थित 7 स्टार होटल के पास पहुंचे तो वहां पहले से खड़े एक ट्रक में पीछे से बाइक जा घुसी। जिससे बाइक सवार एक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, वहां मौजूद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला संयुक्त अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने बाइक सवार व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। ट्रक चालक ट्रक लेकर वहां से फरार हो गया।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि गुरुवार रात लगभग साढ़े 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर वेव सिटी क्षेत्र के महरौली स्थित 7 स्टार होटल के पास बाइक सवार तीन लोग घायल हो गये हैं, पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सकों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, युवती व एक व्यक्ति का इलाज चल रहा है।
मृतक की पहचान वीरपाल 40 पुत्र रामपाल व घायल जितेन्द्र 26 पुत्र चन्द्रपाल तथा शिवानी 24 पुत्री चन्द्रपाल निवासीगण ग्राम मिर्जा भगतपुर थाना कुडफतेहगढ़ चंदौसी संभल के रूप में हुई है, घायल दोनों बहन व भाई का इलाज जिला संयुक्त अस्पताल में चल रहा है। एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई थी, अभी पुलिस को पीड़ितों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है, घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज देखकर वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।