जीटी रोड पर ट्रक की टक्कर से घायल बाइक सवार। स्रोत: वीडियो
गाजियाबाद। नगर कोतवाली के सामने जीटी रोड पर देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसे के मृतक ने मेट्रो स्टेशन से बाइक लालकुआं के लिए बुक की थी।
एसीपी नगर कोतवाली रितेश त्रिपाठी ने बताया कि हिंडन की ओर से लालकुआं की ओर जा रही बाइक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। बाइक असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इसमें बाइक पर सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चलाने वाला गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी ट्रक चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। बताया कि डिवाइडर से टकराने पर बाइक के पीछे बैठे व्यक्ति का सिर डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट पहना था ऐसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और खतरे से बाहर है। एसीपी ने बताया कि घायल युवक के अनुसार वह बाइक राइडर है और हादसे में मारे गए व्यक्ति ने मेट्रो स्टेशन से लालकुआं तक बाइक बुक की थी। रास्ते में हादसा हो गया। एसीपी के मुताबिक मृतक के पास से मोबाइल मिला है जो लॉक है, मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई है। शव पोस्टमार्टम को भेजा जा रहा है, घायल को अस्पताल भेजा गया है। जल्द ही मृतक की पहचान कर ली जाएगी।