मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर राज चौपला स्थित एटीएम बूथ पर रकम निकासी के लिए गई महिला पिंकी सोनी का शातिरों ने डेबिट का बदलकर उनके खाते एक लाख रुपये निकाल लिए। खाते से रकम कटने का मैसेज मिलने पर महिला को घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। निवाड़ी मार्ग स्थित डिफेंस कॉलोनी निवासी पिंकी सोनी की तहरीर के अनुसार तीन दिन पहले वह रकम निकासी के लिए राज चौपला स्थित एटीएम बूथ गई थीं। काफी देर तक प्रयास किया मगर रकम निकासी नहीं हुई। इसी बीच वहां खड़े दो युवकों ने उन्हें मदद का झांसा देकर डेबिट कार्ड बदल दिया। कुछ देर बाद खाते से एक लाख रुपये कटने का मैसेज मिला। उन्होंने चेक किया तो डेबिट कार्ड बदला मिला। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।