गाजियाबाद। नगर निगम में कार्य करने वाले सफाई मित्रों, वाहन चालकों और हेल्परों के वेतन बढ़ाने को लेकर नगर निगम और कर्मचारियों में सहमति बन गई है। इसके लिए निगम की ओर से कार्रवाई शुरू कर दी गई है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि नगर निगम में आउटसोर्सिंग पर कार्य करने वाले सफाई मित्रों, वाहन चालकों और हेल्परों के वेतन में वृद्धि की गई है। उत्तर प्रदेश शासन श्रम अनुभाग दो के शासनादेश में निर्धारित बढ़ी हुई दरों को लागू करने के लिए कर्मचारियों और निगम में सहमति बन गई है। गाजियाबाद नगर निगम में जुड़कर कार्य करने वाले स्वास्थ्य विभाग की वेंडर को भी वेतन वृद्धि तत्काल प्रभाव से करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सफाई मित्रों को किसी भी बाहरी व्यक्ति, अराजक और असामाजिक लोगों के भड़कावे में न आने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। सोशल मीडिया के माध्यम से गुमराह करने वाले लोगों से बचने और जागरूक रहने के लिए कहा गया है। इसके अलावा ऐसे लोगों को चिह्नित करके कार्रवाई करने के लिए भी निगम की ओर से तैयारी की जा रही है। भ्रामक सूचना और आपत्तिजनक स्थिति उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध एफआईआर कराई जाएगी।