मसूरी। इस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे कट के पास सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर में एक ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि, दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में बदायूं निवासी नीरेश ने मसूरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
नीरेश ने बताया कि आठ मई की रात करीब ढाई बजे गाजियाबाद से बदायूं चालक नन्हे ट्रैक्टर चलाकर जा रहे थे। एक्सप्रेसवे पर वह पेशाब करने के लिए रुके। इस दौरान ट्रैक्टर पर उनका साला वीरेंद्र उनके साथी लाल उर्फ भुवनेशपाल और अनार सिंह तीनों बैठे रहे। इस दाैरान ट्रक ने पीछे ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रैक्टर सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से अनार सिंह को दिल्ली जीटीबी के लिए रेफर कर दिया गया। वहां उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। एसीपी मसूरी लिपि नगायच का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।