10 सूत्रीय मांगों को लेकर ऑल इंडिया रोड ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। रोड सेफ्टी बिल को निरस्त किए जाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर उन्होंने एक सितंबर की रात 12 बजे से रोडवेज बसों का चक्का जाम करने की घोषणा की है। 2 सितंबर दोपहर 12 बजे तक यूपी के साथ-साथ अन्य राज्यों में परिवहन निगम की बसों का चक्का जाम रहेगा।
सोमवार को वाराणसी में ऑल इंडिया रोड ट्रांसपोर्ट कांग्रेस से संबंधित सभी संगठनों की बैठक हुई। संगठन के प्रांतीय संयुक्त मंत्री व उत्तर प्रदेश रोडवेज इंपलाइज यूनियन के क्षेत्रीय मंत्री ओमवीर सिंह ने बताया कि रोड सेफ्टी बिल को लागू कर केंद्र सरकार परिवहन निगम के चालकों का शोषण करने की तैयारी कर रहीं है। इस बिल में कई त्रुटियां है। इसे रद्द किया जाए।
उन्होंने सभी मार्गों को शत-प्रतिशत राष्ट्रीकृत किए जाने, जनसंख्या के मुताबिक बसों की संख्या बढ़ाने, संविदा कर्मचारियों को नियमित किए जाने और संविदा पर नियुक्ति की प्रथा को खत्म किए जाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि 13 अगस्त को ही यूनियन ने सरकार को ज्ञापन पत्र भेज दिया है। मांगें न मानीं गई तो एक सितंबर की रात 12 बजे से बसों का चक्का जाम किया जाएगा।