माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। साहिबाबाद सब्जी मंडी में शनिवार सुबह लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मंडी के अंदर और बाहर लोगों का हुजूम लगा हुआ था। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का जमकर उल्लंघन हुआ। लोगों के पास मास्क भी नहीं थे। मामले की जानकारी सीओ साहिबाबाद को हुई तो सुबह वह पुलिस बल के साथ पहुंचे। लोगों को मौके से हटवाया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर प्रशासन हरकत में आया और बैठक कर मंडी में पास की व्यवस्था लागू की गई।
साहिबाबाद सब्जी मंडी जिले की सबसे बड़ी मंडी है। यहां से पूरे जिले में फल और सब्जियां जाती हैं। लॉकडाउन के दौरान शनिवार को सुबह मंडी में हजारों की संख्या में लोग सब्जी बेचने और लेने पहुंच गए। मंडी के अंदर और बाहर लिंकरोड पर भी लोगों के वाहन दूर तक खड़े नजर आए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस दौरान अधिकांश लोगों के पास मास्क तक नहीं थे। सोशल डिस्टेंंिसंग का जमकर उल्लंघन किया गया। सूचना पाकर सीओ साहिबाबाद डा. राकेश मिश्र, एसएचओ लिंकरोड शैलेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मंडी पहुंचे। लोगों से वहां से हटाकर मंडी खाली कराई। सुबह से ही मंडी पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सीओ साहिबाबाद डा. राकेश मिश्रा ने बताया कि मंडी के गेट पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फुटकर व्यापारी, ठेली पटरी वालों और आम लोगों को मंडी में जाने की अनुमति नहीं है। केवल पास देखकर ही अंदर जाने दिया जाएगा। जो भी इसका उल्लंघन करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ईरिक्शा और ऑटो भी चलते मिले वायरल हुए वीडियो में साफ तौर पर यह दिखाई दे रहा था कि मंडी के गेट पर काफी संख्या में ईरिक्शा और ऑटो चलते नजर आ रहे थे। जबकि लॉक डाउन के दौरान पुलिस ने जगह जगह पर बैरिकेडिंग कर पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। इस दौरान केवल आपात सेवा वाले वाहनों को ही चलने की अनुमति दी गई है।
एक दिन पूर्व ही ट्वीट पर एक युवक ने की थी शिकायत
एक युवक ने शुक्रवार रात को ट्वीटर पर साहिबाबाद सब्जी मंडी में भीड़ का वीडियो शेयर कर डीएम, एसएसपी और यूपी पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की। इस पर यूपी पुलिस ने गाजियाबाद पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी शनिवार को लोगों की भीड़ भीड़ मंडी में जुटी। पास वालों को ही मिलेगा मंडी में प्रवेश शनिवार दोपहर को मंडी के सचिव विश्वेंद्र पवार, सिटी मजिस्टे्रट शिव प्रताप शुक्ला और सीओ साहिबाबाद डा. राकेश मिश्र ने मंडी के व्यापारियों के साथ एक बैठक की। मंडी सचिव विश्वेंद्र पवार ने बताया कि बैठक में व्यापारियों से उनके यहां से प्रतिदिन माल खरीदने वाले (जो थोक के व्यापारी हैं), पल्लेदारों की लिस्ट मांगी गई है। इन सभी को पास जारी किए जाएंगे। बिना पास वालों को मंडी परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। रात एक बजे से सुबह छह बजे तक ही मिलेगी सब्जी-फल मंडी सचिव ने बताया कि मंडी खुलने का समय निर्धारित किया गया है। रात एक बजे तक मंडी में बाहर से फल सब्जियां उतरने दी जाएंगी। इसके बाद रात एक बजे से सुबह छह बजे तक सब्जी और फल बेचने का समय रखा गया है। इसके बाद मंडी में किसी को भी प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। सभी को पास से एंट्री दी जाएगी।