गाजियाबाद। समाज कल्याण विभाग के दुहाई स्थित वृद्धाश्रम को पर्याप्त सिलिंडर नहीं मिलने की वजह से वृद्धजनों के लिए खाना नाश्ता बनने का संकट खड़ा हो गया। बीते दो माह में आश्रम को 30 की बजाय माह में सिर्फ चार सिलिंडर दिए जा रहे हैं। अभी तक खाना नाश्ता पहले से रखी लकड़ी में पकाया जा रहा था, लेकिन अब लकड़ी भी खत्म हो गई है। ऐसे में वृद्धजनों की देखरेख को लेकर वार्डन और स्टाफ की चिंता बढ़ रही है।
इस संबंध में आश्रम की वार्डन इंद्रेश कुलश्रेष्ठ ने समाज कल्याण अधिकारी को पत्र लिखकर सिलिंडर दिलाने की मांग की है। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को भी इस संबंध में पत्र दिया है। इंद्रेश कुलश्रेष्ठ ने बताया कि आश्रम में करीब 100 वृद्धजन और 10 लोगों का स्टाफ उनकी देखरेख के लिए है। कई बार बाहर से आंगतुक भी आ जाते हैं। वृद्धजनों को सवेरे चाय, फिर नाश्ता, दोपहर के खाने के अलावा शाम की चाय, खाना और फिर सोते वक्त दूध दिया जाता है। नियम के हिसाब से उसमें किसी तरह की कोई कटौती भी नहीं हो सकती। इसके बावजूद कोई सुनने वाला नहीं है। हालत यह है कि एजेंसी संचालक को 15 सिलिंडर की व्यवस्था कराने का जो आदेश पूर्ति अधिकारी ने दिया था, उसका भी पालन नहीं हो रहा है। पश्चिमी एशिया के तनाव का कारण बताकर एजेंसी संचालक समस्या का समाधान नहीं कर रहा है। अब समझ नहीं आ रहा है कि बुजुर्गों को खाने, पीने की व्यवस्था कैसे कराई जाए। इस बारे में जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने बताया कि एजेंसी संचालक से इस संबंध में वार्ता की जाएगी। आश्रम में पर्याप्त सिलिंडरों की व्यवस्था कराई जाएगी।