शासन ने ब्लड बैंकों के ब्लड के नए रेट तय कर दिए हैं। यह रेट सोमवार से लागू भी हो गए हैं। खास बात यह है कि प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती मरीजों के लिए सरकारी ब्लड बैंक से ब्लड लेना अब महंगा हो गया है।
नए रेट के मुताबिक प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती मरीज के लिए अब एक यूनिट ब्लड 1050 रुपये में मिलेगा जबकि सरकारी अस्पताल में भर्ती मरीज को यही ब्लड 400 रुपये में दिया जाएगा।
बता दें कि पहले प्राइवेट अस्पतालों के भर्ती मरीजों के लिए भी सरकारी ब्लड बैंक से ब्लड लेने पर सरकारी रेट पर ब्लड दिया जाता था, लेकिन नए शासनादेश के मुताबिक अब प्राइवेट अस्पताल के मरीजों के लिए प्रति यूनिट ब्लड के लिए 1050 रुपये चुकाने होंगे।
प्राइवेट मरीजों को होल ब्लड के लिए और पैक्ड रेड सेल्स के अलावा फ्रेश फ्रोजन प्लाज्मा, रैंडम डोनर प्लेटलेट कन्संट्रेट सभी के लिए अधिक मूल्य चुकाना होगा। इसके अलावा प्राइवेट और चैरिटेबल ब्लड बैंकों के लिए भी शासन ने फिक्स रेट तय किए हैं। नए शासनादेश के अनुसार प्राइवेट ब्लड बैंकों में एक यूनिट ब्लड 1450 रुपये का मिलेगा।
प्राइवेट ब्लड बैंक पहले मनमाने रेट वसूलते थे, लेकिन शासन ने इसके लिए फिक्स 1450 रुपये रेट तय कर दिया है। एमएमजी ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ. एके दुआ ने बताया कि सोमवार से यह नई व्यवस्था लागू कर दी गई है।