साहिबाबाद। शहर के कई होटल, रेस्तरां और बैंक्वेट हॉल ऐसे हैं जहां आग लग जाए तो तत्काल बचाव कार्य नहीं हो सकता। दरअसल इन संस्थानों में आग से बचाव के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। अग्निशमन विभाग ने ऐसे 13 संस्थानों को नोटिस जारी किए हैं।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि दमकल विभाग की टीम ने गत सप्ताह विशेष अभियान चलाकर 36 संस्थानों में निरीक्षण किया। अभियान के तहत टीम ने ऐसे होटल, बरात घरों व अन्य संस्थानों का निरीक्षण किया जहां लोगों की भीड़ अधिक रहती है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि टीम को निरीक्षण के दौरान दमकल उपकरण खराब मिले थे तो, स्टाफ अप्रशिक्षित था और आपातकालीन हालात में बचने के लिए भी जरूरी व्यवस्थाएं नहीं थीं। ऐसे में सभी 13 संस्थानों को नोटिस जारी किया है। इससे पूर्व भी दमकल विभाग 42 संस्थानों को नोटिस जारी कर चुका है। सीएफओ ने बताया कि टीम ने कुल 36 संस्थानों का निरीक्षण किया था इनमें होटल, रेस्तरां, मॉल, मल्टीप्लेक्स व बैंक्वेट हॉल शामिल थे। निरीक्षण के दौरान मौजूद कर्मचारियों को आग से बचाव का प्रशिक्षण भी दिया गया।
इन संस्थानों को जारी किया नोटिस
पांडव नगर स्थित किमाया बैंक्वट हॉल, गाेविंदपुरम स्थित प्रीतम फॉर्म, पांडव नगर स्थित मार्शल महल, लोनी पुस्ता रिवेयरा बैंक्वट हॉल, बंथला लोनी का लेखराज फॉर्म हाउस लॉन-1 और लॉन-2, लोनी पुस्ता का बंधन बैंक्वट हॉल, लोनी इंदिरापुरी का श्रीराम पैलेस, खोड़ा का दर्शन होटल, एलएक्स टाउन, बाबा बैंक्वट हॉल, भौपुरा का इंविटेशन पैलेस व ग्रांड आशीर्वाद होटल एंड बैंक्वट हॉल।