संवाद न्यूज एजेंसी
गाजियाबाद। राजनगर रामलीला मैदान में लगे मेले में मनोरंजन के लिए लाए गए दो ऊंटों में से एक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत होने के बाद एक सामाजिक संस्था ने रामलीला कमेटी पर पशु क्रूरता का आरोप लगाकर कविनगर थाने में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में रामलीला समिति, वन विभाग, पशुपालन और नगर निगम को नोटिस जारी कर बयान दर्ज कराने की बात कही है।
कविनगर थाना क्षेत्र के राजनगर में श्री रामलीला समिति द्वारा मंचन के साथ ही मेले का भी आयोजन किया जा रहा है। मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए दो ऊंट लाए गए थे। एक ऊंट की तबीयत खराब हो गई। मालिक और समिति ने बीमार ऊंट का उपचार कराया लेकिन उसकी मौत हो गई। उधर, फेडरेशन ऑफ इंडियन एनिमल्स प्रोटेक्शन ऑर्गनाइजेशन (एफआइएपीओ) की प्रबंधक अनामिका ने कविनगर थाना पुलिस को ऑनलाइन शिकायत भेजी है।
इसमें आरोप लगाए हैं कि श्री रामलीला समिति राजनगर ने मेले में मोटी कमाई के लिए ऊंट को शामिल किया गया था। जिस पर भारी भरकम लोगों को बैठाकर सवारी कराई गई। सदर वन रेंजर विकास चिंटोरिया ने बताया कि मेले में ऊंट की मौत की सूचना पर टीम गई थी। ऊंट की उम्र सात वर्ष थी और बीमार बताया जा रहा था। ऊंट एक पालतू जानवर है और इनकी जिम्मेदारी पशुपालन विभाग की है।
बयान
ऊंट की मौत के मामले में ऑनलाइन शिकायत प्राप्त हुई है। रामलीला कमेटी सहित वन विभाग, पशुपालन और नगर निगम को नोटिस जारी किए गए हैं। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - अभिषेक श्रीवास्तव, एएसपी कविनगर