रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के वाहनों की पार्किंग के लिए सुविधा नहीं है। इससे रोजाना हजारों लोगोें को परेशानी होती है। बिना पार्किंग वाहन खडे़ करने पर पुलिस ने रोक लगा दी है, इसे लेकर वाहन चालकों की पुलिस से शनिवार को नोकझोंक हुई। वाहन चालकों ने पार्किंग की व्यवस्था कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता यश चोपड़ा निवासी आर्यनगर ने बताया कि वह दिल्ली में नौकरी करते हैं। शुक्रवार को रेलवे स्टेशन के पास बाइक खड़ी कर रहे थे कि तभी दरोगा ने आकर उन्हें बाइक की पार्किंग करने से रोक दिया। दरोगा पर अभद्रता करने का भी आरोप है।
बिना पार्किंग वाहन खड़ा करने पर पुलिस ने बाइक का चालान भी कर दिया। रेलवे अफसरों का कहना है कि वाहनों की पार्किंग के लिए टेंडर जारी किए थे लेकिन टेंडर लेने के लिए कोई नहीं पहुंचा। जल्द ही यात्रियों की सुविधा के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।