साहिबाबाद। मोहन नगर स्थित गुलमोहर ग्रीन्स रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) की नई प्रबंध समिति के चुनाव को लेकर विवाद गहरा गया है। नव निर्वाचित समिति को पूर्व अध्यक्ष से कार्यभार नहीं मिल रहा है। मंगलवार को नव निर्वाचित सदस्यों ने जिलाधिकारी और डिप्टी रजिस्ट्रार के समक्ष शिकायत दर्ज कराई।
आरोप है कि कार्यभार न मिलने से सोसायटी की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। नव निर्वाचित समिति के सदस्यों का आरोप है कि पूर्व अध्यक्ष भूषण चौधरी ने नई एओए का पोस्टर हटवा दिया है। उन्होंने सोसायटी के कार्यालय पर भी कब्जा करने का आरोप लगाया है। सदस्यों ने कार्यालय में रखी नत्थियों, कागजात और अन्य अभिलेखों से छेड़छाड़ की आशंका जताई है। उन्हें नष्ट किए जाने का भी डर है। उनका मानना है कि इससे भविष्य की जांच के लिए साक्ष्य प्रभावित हो सकते हैं।
नव निर्वाचित पदाधिकारी राजीव अधाना ने बताया कि उन्होंने पूर्व अध्यक्ष से दस्तावेज सुरक्षित रखने और कार्यभार सौंपने की अपील की थी, लेकिन पूर्व अध्यक्ष भूषण चौधरी ने कहा कि चुनाव के खिलाफ उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल की गई है। इसी आधार पर कार्यभार नहीं सौंपा जा रहा है। उनका आरोप है कि चुनाव गलत तरीके से कराए गए हैं।