गाजियाबाद। बीएसए कार्यालय में छह माह से कोई लेखा सहायक न होने की वजह से पेंशन, एरियर, जीपीएफ समेत कई लेखा कार्य लटके हुए हैं। शिक्षकों और कर्मचारियों का मासिक वेतन तैयार करने के लिए माह में दो दिन नोएडा का लेखा सहायक बुलाकर वेतन का भुगतान किया जा रहा है।
बेसिक शिक्षा विभाग में चार सहायक लेखाकारों के पद सृजित हैं। लेकिन चारों पद गत छह माह से रिक्त चल रहे हैं। पूर्व में तैनात रहे सभी लेखा सहायकों का तबादला हो जाने की वजह से यह पद खाली चल रहे हैं। शिक्षक अपने लंबित एरियर का भुगतान कराने के लिए करीब छह माह से चक्कर लगा रहे हैं। वहीं, सेवानिवृत्त हो चुके करीब 17 शिक्षकों को भी अपनी पेंशन का भुगतान कराने के लिए छह माह से भटकना पड़ रहा है। बेसिक शिक्षा अधिकारी को इस संबंध में कई बार शिकायत की गई।
हर बार आश्वासन ही शिक्षकों और कर्मचारियों को मिल रहा है। बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव ने बताया कि करीब छह माह पूर्व तबादले हो गए थे। इस वजह से लेखा कार्य नहीं हो पा रहे हैं। इस वजह से एरियर भुगतान, वेतनमान, पेंशन, जीपीएफ का भुगतान जैसे कई कार्य रुके हैं। बताया कि मुख्यालय को पत्र भेजकर रिक्त पदों पर तैनाती करने की मांग की गई है। जल्द ही नवीन तैनाती होने की संभावना है। इसके बाद स्थिति सामान्य हो जाएगी।