लोनी। नौ साल पहले घर से लापता हुआ युवक शकलपुरा गांव निवासी राकेश सोशल मीडिया के माध्यम से परिजनों को मिल गया है। परिजन उसे शाहजहांपुर से लेकर अब घर आ गए हैं। लापता राकेश का फेसबुक पर नाचते हुए वीडियो वायरल हुआ था। परिजनों ने कई सालों तक तलाश किया और गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि करीब नौ साल पहले 13 सितंबर 2015 को थाना लोनी पर घर से नाराज होकर गए राकेश की गुमशुदगी दर्ज हुई थी। राकेश किसी बात पर परिजनों से नाराज हुआ था। परिजनों ने उसे सभी रिश्तेदार, दोस्तों से संपर्क किया और तलाश किया लेकिन राकेश कहीं नहीं मिला था। परिजन राकेश का फोटो देकर दिल्ली, यूपी, हरियाणा समेत अन्य इलाकों में गए थे। लेकिन वह कहीं नहीं मिला। पुलिस ने भी गुमशुदगी दर्ज कर खानापूर्ति की थी। राकेश के गायब होने की जानकारी परिवार और सभी रिश्तेदारों को थी। राकेश का रिश्तेदार जो दिल्ली पुलिस में है। वह अपनी फेसबुक चला रहे थे। तभी उन्होंने फेसबुक पर वीडियो देखा। वीडियो में राकेश जैसा दिखने वाला युवक नाच रहा था।
उन्होंने गौर से देखा, तो वह राकेश ही नजर आया। रिश्तेदार राकेश के घर पहुंचा और परिजनों को वीडियो दिखाई। परिजनों ने राकेश को पहचान लिया। इसके बाद परिजनों ने जिस फेसबुक आईडी पर वीडियो डली हुई थी, उसकी फ्रेंड लिस्ट को चेक किया। फ्रेंड लिस्ट में छह लोग ही थे। परिजनों ने सभी को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। राकेश के एक दोस्त ने परिवार के सदस्य को दोस्त बना लिया। इसके बाद परिजनों ने उस दोस्त से फोन कर संपर्क किया। दोस्त के बताए पते पर परिजन पहुंचे। दोस्त ने बताया कि राकेश हरिद्वार में किसी कंपनी में काम करता है। परिजनों ने कंपनी में संपर्क किया, तो पता चला कि वह शाहजहांपुर में रह रहा है।
परिजन पता लेकर शाहजहांपुर पहुंचे। यहां राकेश अपने कमरे में मिला। परिजनों को देखकर दंग रह गया। इसके बाद राकेश अपने परिजनों के साथ वापस लोनी आया। घर पहुंचा, तो मां और पत्नी की आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने राकेश को गले लगाया। राकेश की दो बेटियां है। अब परिवार के लोग खुश हैं।