गाजियाबाद। राशन कार्ड की ई-केवाईसी कराए जाने की रफ्तार बहुत धीमी है। एक महीने से भी ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी नौ लाख लोगों का सत्यापन नहीं हो पाया है। इनके नाम राशन कार्ड से हटाए जा सकते हैं। हालांकि, इसके लिए अभी कोई समयसीमा तय नहीं की गई है।
जिले में कुल 20,50,426 लोगों के नाम राशन कार्ड में है। इनमें से 11.91 लाख ने ई-केवाईसी करा ली है। यह लगभग 54 प्रतिशत हैं। 46 फीसदी लोग बचे हुए हैं। इनमें से काफी लोग जिला आपूर्ति कार्यालय पर शिकायत दर्ज करा रहे हैं। उनका कहना है कि सर्वर धीमा चलने की वजह से जनसेवा केंद्रों पर आधार कार्ड अपडेट नहीं हो पा रहे हैं। इसी कारण से उनकी ई-केवाईसी नहीं हो पा रही है।
अगर लंबित सत्यापन के मामले को तहसीलवार देखें तो लोनी तहसील क्षेत्र में 1,89,308 मोदीनगर में 2,16,108 का सत्यापन लंबित है। जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने अपील की है कि सभी लाभार्थी राशन कार्ड में परिवार के सभी सदस्यों को केंद्र पर ले जाकर ई-केवाईसी कराएं। राशन कार्ड धारक के प्रत्येक सदस्य को ई-केवाईसी करवाना जरूरी है।
अगर राशन कार्ड में ई-केवाईसी कराने में समस्या आती है तो पहले नजदीकी आधार कार्ड सेंटर जाकर पहले अपना आधार कार्ड अपडेट कराएं। उसके बाद विक्रेता के यहां जाकर ई-केवाईसी अवश्य करायें। उन्होंने बताया कि शासन की तरफ से प्रत्येक सदस्य की जांच कराई जा रही है। ई-केवाईसी न होने पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी या पूर्ति निरीक्षक के माध्यम से जांच कराकर राशनकार्ड से नाम हटाया जा सकता है।