जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव जलीलपुर के निकट सड़क किनारे गड्ढे में एक नवजात बच्ची घायल अवस्था में मिली। गड्ढे के पास मछली पकड़ रहे दो युवकों की नजर नवजात बच्ची पर पड़ी तो उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोग बच्ची को अस्पताल लेकर गए, जहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, जलीलपुर के पास सड़क किनारे स्थित एक तालाब में दो युवक मछली पकड़ रहे थे। मछली पकड़ने के दौरान बच्चे की रोने की आवाज सुनकर दोनों युवक आसपास झाड़ियों में देखने पहुंचे तो एक गड्ढे में नवजात बच्ची पड़ी हुई थी। बच्ची के शरीर से चीटियां चिपटी हुई थीं। जिसके चलते उसके सिर से खून रिस रहा था। दोनों युवकों ने राह से गुजर रहे लोगों व गांव में भी सूचना दे दी। जिसके बाद दर्जनों लोग मौके पर एकत्रित हो गए।