करीब तीन साल पहले आवास विकास परिषद की मंडोला योजना में आवेदन करने वाले लोगों के आशियाने का सपना नए साल में पूरा होने जा रहा है। परिषद इसी माह करीब पांच हजार फ्लैटों का कब्जा देना शुरू करेगा। योजना का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है, जिसके बाद अधिकारी इसे जल्द से जल्द निपटाने में जुटे हैं।
आविप ने 2012 में दिल्ली-सहारनपुर योजना में आसरा एंड सपना योजना लांच की थी। इसमें करीब पांच हजार फ्लैटों को लांच किया गया था। कम आवेदन आने के चलते सभी पांच हजार आवेदकों को आवंटन कर दिया गया था। योजना का काम 2014 के अंत तक पूरा होना था।
काम में करीब दो साल की देरी के चलते अब नए साल पर आशियाना मिलेगा। अधिकारियों का दावा है कि जनवरी तक हर हाल में काम पूरा कर लिया जाएगा। सड़क, पेयजल लाइन, पार्कों के विकास आदि का काम भी काफी हद तक पूरा हो चुका है।
अधीक्षण अभियंता अरुण कुमार ने बताया कि योजना का काम अंतिम चरण में है। ऐसे में इसे जल्द ही पूरा कर इसी माह पजेशन दिया जाएगा। आसरा-सपना के दूसरे चरण का काम भी अंतिम चरण में उधर 2013 के अंत में लांच की गई आसरा-2 और सपना-2 योजना का काम भी अंतिम चरण में है।
ऐसे में इसमें आवेदन करने वालों को भी साथ में ही आशियाना देने की योजना बनाई जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि माह के अंत तक इस योजना के आवंटियों को भी पजेशन देना शुरू कर दिया जाएगा।