बुलंदशहर। जिला चिकित्सालय की पैथोलॉजी लैब पर लगने वाली भीड़ से निजात दिलाने के लिए नए भवन के पास केंद्र बनकर तैयार हो चुका है। तीन से चार दिन में यहां पर पैथोलॉजी लैब की सुविधाएं मिलनी शुरू हो जाएगी। वहीं, जिला चिकित्सालय में संचालित मेडिसिन वार्ड को जल्द मेडिकल कॉलेज के नए भवन में चतुर्थ तल पर शिफ्ट किया जाएगा। इसके अलावा अन्य सुविधाओं को लेकर मेडिकल कॉलेज प्रशासन तैयारियों में जुटा है।
मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला चिकित्सालय की पैथोलॉजी लैब में मरीजों की संख्या बढ़ने पर सुबह से दोपहर तक लंबी लाइन लगी रहती है। जबकि लैब पर अभी तक तीन काउंटर संचालित हो रहे हैं। इनमें एक पर पंजीकरण, दूसरे पर ब्लड सैंपल व तीसरे पर ब्लड जांच की रिपोर्ट मिलती है लेकिन जगह कम पड़ने के कारण मरीजों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ जाता है। 10 दिन पूर्व मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य ने लैब को दूसरे भवन में स्थानांतरण करने के निर्देश देते हुए जिला प्रशिक्षण केंद्र को लैब के लिए तैयार करने के निर्देश दिए। जो रंगाई-पुताई हो चुकी है। कुछ कार्य शेष रह गया है। एक-दो दिन में पूरा होने के बाद लैब का सामान यहां पर शिफ्ट कर दिया जाएगा।
वहीं, दूसरी ओर मेडिसिन वार्ड को भी नए भवन में ले जाने की तैयारी चल रही है। अभी तक यह वार्ड जिला चिकित्सालय के ऑपरेशन कक्ष के सामने संचालित हो रहा है। वार्ड के नए भवन में जाने पर मरीज और तीमारदारों को भी भटकना नहीं पड़ेगा।
कोट
मेडिकल कॉलेज के नए भवन के चतुर्थ तल पर जल्द मेडिसिन वार्ड का संचालन शुरू किया जाएगा। पैथोलॉजी लैब का कार्य अंतिम चरण में है। अन्य सुविधाएं भी नए भवन में देने के लिए तैयारियां चल रही है।
- डॉ. धीर सिंह, चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज