साहिबाबाद। शालीमार गार्डन थानाक्षेत्र की 80 फुटा रोड स्थित छाबड़ा कालोनी निवासी कैलाश के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है। कैलाश ने अपने चाचा रोहताश सिंह की लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर रील बनाई और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। पुलिस ने आरोपी कैलाश के पास से रिवॉल्वर भी बरामद कर ली है।
एसीपी शालीमार गार्डन सलोनी अग्रवाल ने बताया कि एक फरवरी की रात करीब 10 बजे सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रही थी। वीडियो में एक युवक रिवॉल्वर कमर में लगाकर टशन दिखाता दिख रहा था। पुलिस ने छानबीन शुरू की तब पता चला कि युवक छावड़ा कॉलोनी निवासी कैलाश है। जांच आगे बढ़ी तब सामने आया कि कैलाश के पास कोई लाइसेंसी असलहा नहीं है। वीडियो में दिखाई दे रही रिवॉल्वर कैलाश के चाचा रोहताश सिंह की थी। एसीपी सलोनी अग्रवाल ने बताया कि युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं थाने पर तैनात दरोगा मंगल सिंह की तरफ से मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। साथ ही रिवॉल्वर भी बरामद कर ली है।