संवाद न्यूज एजेंसी
लोनी। बॉर्डर थाना क्षेत्र के बंद फाटक रति कॉलोनी में झगड़े के बाद पड़ोसी के कुत्ते ने तीन बच्चों को काट लिया। परिजनों ने बच्चों को एआरवी लगवाई। परिजनों ने पुलिस से घटना की शिकायत की है।
रति कॉलोनी में राजवीर शर्मा परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनका भांजा अनमोल (13) घर के बाहर गाय को रोटी खिलाने गया था। अनमोल के पिता नवनीत शर्मा चांदनी चौक दिल्ली में काम करते हैं। रोटी देने के दौरान पड़ोसी अपने कुत्ते को लेकर खड़ा था। अनमोल का पड़ोसी के साथ झगड़ा हो गया था। झगड़े के दौरान पड़ोसी ने अपने कुत्ते को अनमोल पर छोड़ दिया। अनमोल पर कुत्ता छोड़ने पर आशु और केशव उसे बचाने आए तो कुत्ते ने तीनों को काटकर घायल कर दिया। शोर शराबा होने पर आसपास के लोग और बच्चों के परिजन मौके पर आ गए। उन्होंने कुत्ते से बच्चों को बचाया। इसके बाद बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल से तीनों को छुट्टी मिल गई है। एसीपी अंकुर विहार भास्कर वर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में है। परिजनों से बात की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।