सेक्टर-6 स्थित एक नामी स्कूल में पहली कक्षा की छात्रा बुधवार को स्कूल एक्टिविटी के दौरान गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। छात्रा की दाईं आंख के पास चोट आई है। परिजनों का आरोप है कि चोट लगने पर भी स्कूल प्रबंधन की ओर से बेटी को अस्पताल नहीं पहुंचाया गया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ शिकायत दी है।
ज्ञान खंड-2 निवासी मयंक गौड़ एक मीडिया संस्थान में कार्यरत हैं। मयंक की बेटी मार्षिता (6) वैशाली सेक्टर-6 नहर रोड स्थित एक नामी स्कूल में पहली कक्षा की छात्रा है। मयंक ने बताया कि बुधवार सुबह करीब दस बजे एक क्लास एक्टिविटी के दौरान मार्षिता गिर गई।
डेस्क के कोने से उसका सिर टकरा गया और दाईं आंख के पास चोट लगने से खून बहने लगा। उनका आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने बेटी को चोट लगने पर उन्हें फोन किया, लेकिन उसे अस्पताल पहुंचाने की जहमत तक नहीं उठाई।
सूचना मिलने पर जब मां प्रतीक्षा स्कूल पहुंचीं तब भी बेटी के माथे के पास से खून बह रहा था। माथे पर सिर्फ एक टेप लगाई गई थी। पत्नी प्रतीक्षा ने बेटी को वैशाली स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया।
मार्षिता को आंख के पास पांच टांके लगे हैं। सीओ इंदिरापुरम अतुल यादव ने बताया कि अभी तक की जांच में स्कूल की लापरवाही सामने आई है। पूरी जांच होने के बाद स्कूल प्रबंधन पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
- प्रिंसिपल ने नहीं उठाया कॉल
मयंक ने जब स्कूल प्रिंसिपल से इस बाबत बात करने का प्रयास किया, तो उन्होंने कॉल ही नहीं उठाया। पुलिस ने भी कॉल किया, लेकिन प्रिंसिपल की ओर से कोई रिस्पांस नहीं मिला। पिता मयंक के अनुसार स्कूल हर साल हजारों रुपये की फीस लेता है, लेकिन यहां बच्चों का थोड़ा भी ख्याल नहीं रखा जाता।
- पिता का मोबाइल बाइकर्स ने छीना
मयंक ने बताया कि वह पत्नी को लेने घर जा रहे थे, इस दौरान बाइक सवार बदमाशों ने इंदिरापुरम में उनका मोबाइल भी लूट लिया। वह पत्नी से फोन पर बात कर रहे थे। इस बीच बदमाशों ने वारदात की।