कौशांबी बस डिपो पर एनडीआरएफ की रैपिड रिस्पांस टीम ने चलाया सैनिटाइजेशन का अभियान
- फोटो : AMAR UJALA
माई सिटी रिपोर्टर गाजियाबाद। कोरोना वायरस की आपदा में आठवीं बटालियन एनडीआरएफ के जवानों का लोगों की रक्षा का अभियान जारी है। कौशांबी बस अड्डे पर घर जाने वाले लोगों की भीड़ को देखते हुए एनडीआरएफ की 10 रैपिड रेस्पांस टीमों ने शनिवार रात डेढ़ बजे से अभियान शुरू किया। सभी टीमों में शामिल जवानों और अधिकारियों ने कौशांबी बस डिपो में सेल्टर, पीने के पानी की जगह, बसों और सार्वजनिक शौंचालय को सैनेटाइज किया। साथ ही एनडीआरएफ के जवानों ने बगैर मास्क के चल रहे लोगों, महिलाओं व बच्चाें को मास्क के साथ सैनेटाइजर का वितरण किया। दूसरी ओर बसों में बैठने वाले लोगों को कोरोना वायरस में बचाव और सावधानी संबंधी जानकारी भी दी। जवानों ने विभिन्न रूटों की बसों में जा-जाकर लोगों को जागरूक किया। दूसरी ओर कौशांबी डिपो पर लोगों की उमड़ी भीड़ के मद्देनजर सैनेटाइजेशन के अभियान से बड़ी राहत मिली है। एनडीआरएफ की रैपिड रेस्पांस टीमों का अभियान लोगों की भीड़ छटने तक रविवार दोपहर तक जारी रही। एनडीआरएफ डिप्टी कमांडेंट आदित्य प्रताप सिंह ने बताया कि एनडीआरएफ की रैपिड रेस्पांस टीमों ने कौशांबी डिपो व उसके आसपास सैनेटाइजेशन अभियान चलाया। अभियान में लोगों को मास्क व सैनेटाइजर का वितरण और उन्हें बीमारी से बचाव के बारे में जागरूक किया गया।