पार्क में खेलते-कूदते और पिकनिक मनाते हुए बच्चे अब गाजियाबाद का इतिहास भी जान सकेंगे। आवास विकास परिषद गाजियाबाद में पहला हिस्ट्री बेस्ड थीम पार्क डेवलप करने जा रहा है। 47 एकड़ में पार्क के टेंडर जारी होने के बाद इसका निर्माण अगले माह शुरू हो जाएगा। यह पार्क दिल्ली-एनसीआर का सबसे बड़ा थीम बेस्ड पार्क होगा।
सिद्धार्थ विहार योजना को हिट कराने के लिए आविप एनएच-24 के किनारे 47 एकड़ जमीन पर बेस्ड थीम पार्क डेवलप करने जा रहा है। पार्क की खासियत यह होगी कि यहां खेलते-कूदते हुए बच्चे गाजियाबाद का इतिहास जान सकेंगे।
पार्क में दिल्ली गेट, सिहानी गेट, घंटाघर, मकनपुर के मकबरे और गाजियाबाद से जुड़ी अन्य जानकारियां शिलालेखों पर अंकित होंगी। इसके साथ ही लाल किला, ताजमहल, कुतुबमिनार जैसी राष्ट्रीय धरोहरों की भी जानकारी शिलालेखों पर अंकित की जाएगी। इससे यहां आने वाले लोग गाजियाबाद और देश के इतिहास से रूबरू हो सकेंगे।
आवास विकास कमिश्नर आरपी सिंह ने बताया कि पार्क निर्माण के टेंडर जारी किए जा चुके हैं। जल्द ही इसका निर्माण शुरू होगा। छह से आठ माह में इसका निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।
थीम के साथ पिकनिक स्पॉट भी
क्षेत्रफल के लिहाज से यह पार्क दिल्ली-एनसीआर का सबसे बड़ा थीम बेस्ड पार्क होगा। ऐसे में परिषद इसे पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित करेगा। इसमें विदेशी घास, बोटिंग, म्यूजिकल फाउंटेन, पिकनिक हट, कैंटीन और टेनिस और वालीबाल कोर्ट भी बनाए जाएंगे।
निजी कंपनियों को सौंपने की कवायद
अधिकारियों की मानें तो पार्क को डेवलप कर इसे कुछ निजी कंपनियों को सौंपा जा सकता है। परिषद इसमें वाटर पार्क बनाने की तैयारी में है, जिसे निजी कंपनी ही चलाएगी। यह पार्क निजी कंपनी के वाटर पार्क की तर्ज पर डेवलप किया जाएगा। परिषद यह पार्क एनएच-24 पर ही बनाएगा, जिससे गाजियाबाद के साथ नोएडा और दिल्ली के लोग भी लाभ उठा सकें।