साहिबाबाद (गाजियाबाद)। मनुस्मृति पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की टिप्पणी के खिलाफ भाजपा नेता और सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता नाजिया इलाही खान ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर गाजियाबाद, डीसीपी और एसीपी इंदिरापुरम को शिकायत की कॉपी सौंपी।
नाजिया खान ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सभी को है, लेकिन विषय प्रस्तुत करते समय पृष्ठभूमि में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की तस्वीरें दिखाने का औचित्य स्पष्ट होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह कलमा और शहादा दोनों पढ़ती हैं और जब ‘वंदे मातरम्’ गाती हैं तो गर्व महसूस करती हैं। कहा कि वह खान हैं, फिर भी देश और राष्ट्र के प्रति पूरा सम्मान है।
मनुस्मृति को लेकर उन्होंने कहा कि इसके एक अध्याय या कुछ शब्दों को अलग कर व्याख्या करना और उसके आधार पर पूरी मनुस्मृति के बारे में धारणा बनाना उचित नहीं है। इस तरह मनुस्मृति को बदनाम करने और गलत धारणा पैदा करने का प्रयास किया गया है।
नाजिया ने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का मौलिक अधिकार है, राहुल गांधी भी स्वतंत्र हैं, लेकिन सवाल है कि उनकी बात के दौरान प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मोहन भागवत की तस्वीरें पृष्ठभूमि में क्यों दिखाई गईं। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा सरकार आने के बाद क्या प्रधानमंत्री ने कभी कहा है कि हर व्यक्ति को मनुस्मृति पढ़नी या उसका पालन करना चाहिए? राहुल गांधी को अपनी टिप्पणी और दिखाई गई तस्वीरों पर जवाब देना होगा। शिकायत के माध्यम से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।