मोदीनगर। नगर के सीकरी खुर्द गांव में चैत्र नवरात्र में लगने वाले प्रसिद्ध और पौराणिक महामाया देवी मेले का ठेका आचार संहिता के कारण नहीं छोड़ा जाएगा। तहसील मुख्यालय पर अधिकारियों और मेला प्रबंध समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। हालांकि, नवरात्र में पूजा अर्चना विधिवत रूप से की जाएगी और यहां आने वाले श्रद्धालुओं की व्यवस्था के इंतजाम पुलिस और प्रशासन करेगा। गत वर्ष मेले का ठेका करीब 4.60 करोड़ रुपये में छोड़ा गया था।
उपजिलाधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने बताया कि आचार संहिता के चलते इस बार मेले का ठेका अभी नहीं छोड़े जाने का निर्णय लिया गया है। आचार संहिता समाप्त होने के बाद बचे समय के लिए इस मंदिर का ठेका छोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि नौ अप्रैल से शुरू होने वाले चैत्र नवरात्र में श्रद्धालु मंदिर में पूजा अर्चना कर सकेंगे। प्रसाद और पूजन सामग्री के लिए चुनिंदा दुकानें लगाई जाएगी। यहां आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए व्यवस्था के पूरे इंतजाम पुलिस और प्रशासन मिलकर करेंगे। आठ से ज्यादा स्थानों पर बनने वाली पार्किंग के लिए स्थान चिन्हित किए जाने का कार्य किया जा रहा है। नौ दिन चलने वाले इस मेले में प्रतिवर्ष दिल्ली, राजस्थान और हरियाणा व उत्तराखंड सहित आसपास क्षेत्र से करीब 15 लाख से अधिक श्रद्धालु आते हैं और देवी मां के दर्शन कर पूजा अर्चना करते हैं।