फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: (बारिश पैकेज) जलमग्न रास्तों से गुजरना हुआ मुश्किल, दिनभर रेंगता रहा ट्रैफिक

विज्ञापन
राजनगर एक्सटेंशन चौराहे पर फ्लाईओवर के नीचे हुए जलभराव से गुजरते वाहन। संवाद
विज्ञापन
गाजियाबाद। जिले में मानसून की बारिश ने लगातार दूसरे दिन खूब भिगोया। फुहारों ने गर्मी और उमस से तो राहत दी, लेकिन शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल भी खोल दी। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। दिल्ली-मेरठ हाईवे समेत शहर के प्रमुख मार्गों पर सुबह से शाम तक जाम लगा रहा। बारिश के कारण नगर निगम के नाला सफाई और निर्माण कार्य भी प्रभावित हुए। कई स्थानों पर नालों से निकाली गई सिल्ट बारिश के पानी के साथ दोबारा नालों में बह गई। यह हालत तब है, जब बारिश ने अभी केवल दस्तक दी है। आने वाले दिनों में मौसम विभाग ने और तेज बारिश की संभावना जताई है।
विज्ञापन

सुबह से शाम तक जाम से जूझे लोग
बारिश के कारण सबसे अधिक परेशानी मेरठ रोड पर मोरटा चौकी के पास हुई, जहां पहले से टूटी सड़क कीचड़ में बदल गई। इसके चलते राजनगर एक्सटेंशन चौराहे तक लंबा जाम लगा रहा। मनन धाम मंदिर के सामने दिल्ली की ओर सड़क पर जलभराव होने से कई वाहन बीच रास्ते में खराब हो गए। पीक आवर में वाहनों की कतारें दुहाई तक पहुंच गईं। मेरठ रोड तिराहा, आंबेडकर रोड, जीटी रोड, लालकुआं और घंटाघर के आसपास भी लोगों को जाम से जूझना पड़ा। यातायात व्यवस्था संभालने में पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।
राजनगर एक्सटेंशन में पानी के बीच से गुजरने को मजबूर लोग
राजनगर एक्सटेंशन चौराहे पर जलभराव होने से लोगों को पानी के बीच से गुजरना पड़ा। इससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के कपड़े तक खराब हो गए। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासी मनोज का कहना है कि जल निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं होने से हर बारिश में यही स्थिति होती है। उनका कहना है कि अभी तो मानसून की शुरुआत है, आगे हालात और गंभीर हो सकते हैं।
विज्ञापन

गोविंदपुरम में एक फीट तक भरा पानी
गोविंदपुरम के कर्पूरीपुरम क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से जगह-जगह सड़कों पर पानी भर गया। एनडीआरएफ रोड पर करीब 250 मीटर तक लगभग एक फीट पानी जमा रहा। जलभराव के कारण सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं दिए और कई दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो गए। स्थानीय निवासी कपिल ने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद सड़क नहीं बनाई गई। अब लोगों को खराब सड़क व जलभराव, दोनों की परेशानी झेलनी पड़ रही है।
विकास कार्य भी प्रभावित
बारिश से शहर में चल रहे विकास कार्य भी प्रभावित हुए हैं। जहां-जहां नालों की सफाई चल रही थी, वहां काम रोकना पड़ा। बाहर निकाली गई सिल्ट का बड़ा हिस्सा बारिश के पानी के साथ दोबारा नालों में बह गया। शास्त्रीनगर में नई बनी पुलिया पर कीचड़ जमा होने से लोगों की आवाजाही भी प्रभावित रही।
मुख्य अभियंता, नगर निगम गाजियाबाद एनके चौधरी का कहना है कि बारिश की वजह से निर्माण कार्य प्रभावित हुए हैं, लेकिन कार्यदायी संस्थाओं को तेजी से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। नालों की सफाई भी तेज गति से कराई जा रही है और इसकी मुख्यालय स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकांश नालों की सफाई पूरी हो चुकी है।

दिल्ली-मेरठ मार्ग से मलिकनगर कॉलोनी तक लोग परेशान
मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग और मलिकनगर कॉलोनी में जलभराव होने से राहगीरों व स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर नमो भारत स्टेशन के पास पानी भर जाने से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई, जिससे जाम जैसी स्थिति बनी रही। मलिकनगर कॉलोनी में जलभराव के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश में ही यहां पानी भर जाता है, लेकिन संबंधित विभाग स्थायी समाधान की ओर ध्यान नहीं दे रहा। लोगों ने नगर पालिका से जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।

राजनगर एक्सटेंशन चौराहे पर फ्लाईओवर के नीचे हुए जलभराव से गुजरते वाहन। संवाद

राजनगर एक्सटेंशन चौराहे पर फ्लाईओवर के नीचे हुए जलभराव से गुजरते वाहन। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें