गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नमो भारत कॉरिडोर में भी बदलाव किया गया है। गाजियाबाद समेत कुल 17 नमो भारत स्टेशनों के कुछ प्रवेश निकास द्वार और पार्किंग सुविधाएं 12 अगस्त तक बंद रहेंगी। एनसीआरटीसी के अधिकारियों के अनुसार, गाजियाबाद नमो भारत स्टेशन के गेट संख्या-तीन व पांच, दुहाई स्टेशन के गेट तीन व चार, बेगमपुल स्टेशन के गेट दो और तीन बंद रहेंगे। मोदीनगर नॉर्थ, मोदीनगर साउथ, मुरादनगर, गुलधर, मेरठ साउथ, परतापुर, रिठानी, शताब्दी नगर, ब्रह्मपुरी, मेरठ सेंट्रल, भैंसाली, एमईएस कॉलोनी, मेरठ नॉर्थ और मोदीपुरम स्टेशनों पर भी सुरक्षा कारणों से कुछ रास्तों को बंद किया गया है। इन गेटों की ओर स्थित पार्किंग सुविधा भी यात्रियों के लिए उपलब्ध नहीं होगी।