मुरादनगर। बेटी का अश्लील वीडियो व फोटो वायरल करने की धमकी देने से आहत होकर महिला के आत्महत्या करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। एसीपी मसूरी लिपि नगायच ने बताया कि शिकायत में कहा गया था कि महिला की पुत्री की गांव निवासी एक युवक से दोस्ती थी। आरोपी ने उसके अश्लील वीडियो व फोटो बना लिए थे और वायरल करने की धमकी दे रहा था। आरोपी के घर जाकर महिला ने बेटी के वीडियो व फोटो डिलीट करने को कहा। इस पर आरोपियों ने महिला के साथ अभद्रता कर उसकी सरेआम बेइज्जती की। इस बात से आहत होकर महिला ने 18 मार्च को आत्महत्या कर ली थी। नामजद गौतम निवासी मनौली को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में गौतम के अलावा ममतेश, गीता, बबीता, प्रीती, मंजू, संजय, राजू, अजय, रतन, प्रमोद, कपिल, प्रवीण, गुड्डू, अनिकेत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपियों की तलाश जारी है।