गाजियाबाद के नगर कोतवाली इलाके में रेलवे स्टेशन के पास शिव हरी मंदिर में रहने वाली 75 वर्षीय शीला देवी शर्मा का शव मंदिर में ही तख्त पर पड़ा मिला। महिला की गला रेत कर हत्या की गई है। सूचना पर नगरकोतवाली पुलिस मौके पर जांच में जुटी है।
शीला देवी मंदिर में ही अपने सचिन नाम के बेटे के साथ रहती थी। सचिन सुरक्षाकर्मी है। मंगलवार सुबह जब सचिन ड्यूटी से लौटे तो उन्हें अपनी मां का शव तख्त पर खून से लथपथ मिला। सचिन ने शोर मचाया तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया। डीसीपी नगर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कुछ समय पहले एक युवक महिला के पास रहने आया था। उसकी तलाश की जा रही है।
बेटे की शादी करने की बात कह कर रहने लगा था युवक
शीला देवी के बेटे सचिन की शादी कराने की बात कहकर हरिद्वार से एक शिवम नाम का युवक आया था। उनके साथ ही रहने की इच्छा जाहिर की। शीला ने उसे अपने साथ रख लिया। आशंका है कि शिवम ने शीला की हत्या की है। शिवम फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।