- आरोपियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये हुई पेशी, 13 नवंबर को होगी अगली सुनवाई
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। बागपत जिला जेल में मुन्ना बजरंगी की हत्या के मामले में बृहस्पतिवार को सीबीआई की विशेष अदालत में सुनवाई हुई। जेल के तत्कालीन वार्डर लालाजी पाल ने अदालत में उपस्थित होकर घटना से जुड़े अपने बयान दर्ज कराए। सुनवाई के दौरान मामले के सभी आरोपियों को अलग-अलग जेलों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश किया गया। पीठासीन अधिकारी अंजनी कुमार ने अगली सुनवाई के लिए 13 नवंबर की तारीख तय की है।
सीबीआई के अनुसार, नौ जुलाई 2018 को कुख्यात गैंगस्टर मुन्ना बजरंगी को पेशी के लिए झांसी जेल से बागपत जिला जेल लाया गया था। जेल पहुंचने के कुछ घंटे बाद ही उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद जेल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे थे। मुन्ना बजरंगी की पत्नी सीमा सिंह की याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने फरवरी 2020 में मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी थी।
जांच के दौरान सीबीआई ने जेल परिसर के भीतर हथियार पहुंचाने और हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया। एजेंसी ने जांच पूरी करने के बाद आरोपपत्र दाखिल किया था। इसमें गैंगस्टर सुनील राठी को मुख्य आरोपी बनाया गया है। उसके अलावा परविंद्र राठी, बबलू तोमर, ओमवीर राठी और अरविंद राठी भी आरोपी हैं।
फिलहाल सीबीआई की विशेष अदालत में मामले का विचारण चल रहा है। अभियोजन पक्ष की ओर से गवाहों के बयान दर्ज कराए जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को जेल वार्डर की गवाही के बाद अदालत ने सुनवाई के लिए अगली तारीख निर्धारित कर दी।