गाजियाबाद। शहर की सड़कों पर पेड़ों की टहनियां इस कदर बड़ी हो गई हैं कि अब उनसे हादसे का खतरा मंडरा रहा है। शास्त्रीनगर व गोविंदपुरम इलाके में रहने वाले लोग नगर निगम के कर्मचारियों पर नजर अंदाजी का आरोप लगा रहे हैं। वहीं, स्थानीय पार्षद का कहना है कि इस मामले में लिखित में शिकायत नहीं मिली है।
गोविंदपुरम निवासी प्रदीप कुमार का कहना है कि इलाके में एनडीआरएफ रोड पर लगे पेड़ों की लंबे समय से छटाई नहीं की जा रही है। इसके चलते उनके तने व टहनियां मुख्य मार्ग की तरफ लटकने लगी हैं। इसके कारण बड़े वाहनों को निकलने में दिक्कत होती है। वहीं, शास्त्रीनगर सी ब्लॉक निवासी पंकज चौधरी ने बताया कि इलाके में एक पिलखन का पेड़ है। इसकी वजह से स्कूल बस व अन्य वाहनों को निकलने में दिक्कत हो रही है। इस पेड़ की टहनियां नीचे तक आ गई हैं। ब्रजेश दुआ ने बताया कि निगम कर्मी अक्सर यह कहकर जिम्मेदारी टाल देते हैं कि लिखित में शिकायत उच्च अधिकारियों को दीजिए। वहीं शास्त्री नगर में परचून की दुकान चलाने वाले दिनेश चौधरी का कहना है कि नगर निगम कर्मचारियों से भी कई बार मौखिक रूप से अनुरोध किया गया है, लेकिन हर बार शिकायत को नजरअंदाज कर दिया जाता है। उधर, स्थानीय पार्षद अमित त्यागी का कहना है कि इस मामले की लोगों ने मौखिक तौर पर शिकायत की है। जल्द ही लोगों से लिखित में शिकायत लेकर वन विभाग से इसकी अनुमति लेकर इसकी छटाई करा दी जाएगी।